Abhishek Sharma Health: टी20 विश्व कप में 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। टीम के युवा और आक्रामक ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की तबीयत अचानक खराब हो गई है, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। पेट में गंभीर संक्रमण के कारण उनका नामीबिया के खिलाफ खेलना फिलहाल लगभग नामुमकिन माना जा रहा है।

अस्पताल में भर्ती हुए अभिषेक
अभिषेक शर्मा को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टर उनकी बीमारी की सही वजह जानने के लिए लगातार मेडिकल जांच कर रहे हैं। अभी यह साफ नहीं है कि उन्हें कब अस्पताल से छुट्टी मिलेगी। इसी वजह से उनके अगले मैच में खेलने को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
Abhishek Sharma Health: यूएसए मैच के बाद तेज बुखार से बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, अभिषेक शर्मा को यूएसए के खिलाफ हुए मैच से पहले ही पेट में परेशानी थी। हालांकि उन्होंने उस मुकाबले में खेलने का फैसला किया, लेकिन मैच के बाद उनकी हालत और ज्यादा बिगड़ गई। उन्हें तेज बुखार हो गया था, जिसके बाद उन्हें आराम देने के लिए ड्रिप लगाई गई। यूएसए के खिलाफ मैच में अभिषेक पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। दूसरी पारी में उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की, जबकि अभिषेक खुद मैदान पर नहीं उतर पाए थे।

ओपनिंग जोड़ी में बदलाव की बन सकती है स्थिति
अगर अभिषेक शर्मा नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं खेल पाते हैं, तो टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन को ईशान किशन के साथ ओपनिंग के लिए भेज सकता है। ऐसे में भारतीय टीम की शुरुआती जोड़ी में बदलाव देखने को मिल सकता है।इस बीच, मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए टीम इंडिया के सहायक कोच रयान टेन डोएशेट ने बताया कि अभिषेक के पेट में कुछ दिक्कतें हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अभिषेक दो दिन में फिट होकर टीम के लिए उपलब्ध हो सकते हैं, लेकिन फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

बुमराह की वापसी से राहत
कोच ने यह भी जानकारी दी कि वाशिंगटन सुंदर 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले दूसरे ग्रुप स्टेज मुकाबले से पहले टीम से जुड़ गए हैं। वह अब टीम के साथ ट्रेनिंग करेंगे। इसके अलावा, जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर भी राहत भरी खबर सामने आई है। डोएशेट के अनुसार, बुमराह करीब 10 दिन के ब्रेक के बाद दोबारा गेंदबाजी कर रहे हैं। वह खुद को पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं, अच्छी तरह मूव कर रहे हैं और नेट्स में गेंदबाजी भी कर रहे हैं।







