Home » उत्तर प्रदेश » आगरा में पंचायत के दौरान विवाद के बाद पति ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या, 8 महीने से मायके में रह रही थी महिला

आगरा में पंचायत के दौरान विवाद के बाद पति ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या, 8 महीने से मायके में रह रही थी महिला

आगरा में पति ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या

Agra Murder Case: आगरा में मंगलवार शाम करीब 4 बजे एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। उसने पत्नी के पेट में लगातार 6 बार चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल महिला खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। उसकी चीखें सुनकर घर के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। यह घटना ताजगंज थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। महिला पिछले 8 महीने से अपने मायके में रह रही थी। मंगलवार को दोनों के बीच समझौता कराने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी की हत्या कर दी।

8 महीने से मायके में रह रही थी महिला

पुरानी सब्जी मंडी निवासी कुंती की शादी डौकी के नौमील गांव के रहने वाले रणवीर से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। करीब आठ महीने पहले विवाद के बाद कुंती अपने मायके आकर रहने लगी थी। उसने अपने खर्च के लिए कोर्ट में गुजारा भत्ता की याचिका भी दाखिल की थी।

Agra Murder Case:  आगरा में पति ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या
आगरा में पति ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या

Agra Murder Case: पंचायत में हुआ विवाद

मंगलवार को दोनों परिवारों के बीच समझौता कराने के लिए पंचायत रखी गई थी। रणवीर अपने पिता के साथ ससुराल पहुंचा। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। रणवीर अपनी पत्नी को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा, लेकिन कुंती ने साफ मना कर दिया।

इसके बाद रणवीर ने कुंती का हाथ पकड़कर उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश की। इस बात से नाराज होकर कुंती ने सबके सामने रणवीर के गाल पर दो थप्पड़ मार दिए। इसके बाद रणवीर अपने पिता के साथ वहां से चला गया। पहले उसने अपने पिता को डौकी गांव छोड़ा और फिर बाजार जाकर 40 रुपए में एक धारदार चाकू खरीद लिया।

कमरे से घसीटकर बरामदे में लाया

शाम करीब 4 बजे रणवीर दोबारा अपनी ससुराल पहुंचा। उस समय कुंती कमरे में मौजूद थी। रणवीर सीधे कमरे में गया, उसका हाथ पकड़कर उसे घसीटते हुए बरामदे में ले आया। कुंती खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से चीखने लगी।इसी दौरान रणवीर ने चाकू निकालकर उसके पेट में लगातार 6 वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल कुंती वहीं गिर पड़ी।

महिला की चीख सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजन कुंती को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रणवीर को हिरासत में ले लिया।

एक दिन पहले भेजा था हत्या का वीडियो

कुंती के चचेरे भाई ने बताया कि घटना से एक दिन पहले रणवीर ने उसे मोबाइल पर एक वीडियो भेजा था। उस वीडियो में एक पति अपनी पत्नी की हत्या करता हुआ दिखाई दे रहा था। इसके अलावा उसने आगरा की एक अन्य घटना का वीडियो भी भेजा था, जिसमें पत्नी की हत्या करने के बाद शव को फर्श के नीचे दफनाने की बात दिखाई गई थी।डीसीपी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

ये भी पढ़ें…राम मंदिर दान चोरी का किंगपिन अविनाश शुक्ला, 40 दिन में की 70 बार चोरी