Home » राष्ट्रीय » नए साल पर सेना प्रमुख का राष्ट्र को संदेश: सुरक्षा से आत्मनिर्भरता तक, ‘विकसित भारत’ का दोहराया संकल्प,नवाचार से भविष्य के लिए तैयार हो रही भारतीय सेना

नए साल पर सेना प्रमुख का राष्ट्र को संदेश: सुरक्षा से आत्मनिर्भरता तक, ‘विकसित भारत’ का दोहराया संकल्प,नवाचार से भविष्य के लिए तैयार हो रही भारतीय सेना

 Army Chief Message 2026: नव वर्ष 2026 के अवसर पर भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति सेना की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया। भारतीय सेना के आधिकारिक सोशल मीडिया मंच के माध्यम से जारी संदेश में उन्होंने कामना की कि नया साल सभी नागरिकों के जीवन में सुख, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख, सतर्कता जारी

सेना प्रमुख ने कहा कि भारतीय सेना पूरी सतर्कता और दृढ़ संकल्प के साथ देश की सीमाओं की रक्षा कर रही है। उन्होंने बीते वर्ष ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत शत्रु के नापाक इरादों को विफल करने के लिए की गई निर्णायक कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि यह अभियान निरंतर जारी है। साथ ही, आपदाओं के समय त्वरित सहायता और राष्ट्र-निर्माण के प्रयासों में सेना की भूमिका को भी रेखांकित किया।

 Army Chief Message 2026: आत्मनिर्भरता और नवाचार पर फोकस

जनरल द्विवेदी ने कहा कि भारतीय सेना परिवर्तन के दौर से गुजर रही है, जहां संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और नवाचार सामरिक शक्ति के मूल आधार बन चुके हैं। स्वदेशी तकनीकों के उपयोग, आधुनिक सोच और निरंतर सुधारों के जरिए सेना को भविष्य की चुनौतियों के लिए और अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। नेटवर्किंग और डेटा आधारित प्रणालियां इस बदलाव को नई गति दे रही हैं।

नागरिकों के सहयोग को बताया सबसे बड़ी ताकत

सेना प्रमुख ने नागरिकों के विश्वास और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का समर्थन ही भारतीय सेना की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सेना सुरक्षा और राष्ट्र-निर्माण में अपनी भूमिका लगातार निभाती रहेगी।

 Army Chief Message 2026: रक्षा मंत्री का संदेश

इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी देशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 भारत के सामूहिक संकल्प को और मजबूत करेगा तथा आत्मनिर्भरता, नवाचार और एकता के साथ देश की सुरक्षा, समृद्धि और वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का अवसर बनेगा।

ये भी पढ़े… मतदान से पहले महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में भाजपा की बड़ी बढ़त, 6 उम्मीदवार निर्विरोध विजयी