Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। भारत की पुरुष और महिला, दोनों क्रिकेट टीमों ने गोल्ड मेडल जीतकर अपने खिताब का बचाव किया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाएंगे। इस मुलाकात में पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है।
Asian Games 2026: PM मोदी से मिलेंगी गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीमें-
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार, 15 अक्टूबर को भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास, 7 लोक कल्याण मार्ग पर होगी। रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी शाम 4:30 बजे गोल्ड मेडल जीतने वाले क्रिकेटर्स से मिलेंगे। इस दौरान श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पुरुष क्रिकेट टीम और हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली महिला क्रिकेट टीम के सभी सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है।
Asian Games 2026: फाइनल में भारत की पुरुष और महिला टीम ने जीता गोल्ड-
जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला क्रिकेट टीम ने 22 सितंबर को खेले गए फाइनल में श्रीलंका को 147 रनों से हराकर गोल्ड मेडल जीता था। वहीं, भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने 3 अक्टूबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 19 रनों से मात देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। दोनों टीमों ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित किया और एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीतने की उपलब्धि हासिल की।इससे पहले चीन के हांगझोऊ में आयोजित 2023 एशियन गेम्स में भी भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने गोल्ड मेडल जीते थे।
गोल्ड जीतने पर PM मोदी ने दी थी बधाई-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को बधाई दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टीम की तारीफ करते हुए लिखा था कि गोल्ड एक बार फिर भारत के पास आया है। पीएम मोदी ने टीम को खिताब बरकरार रखने के लिए बधाई दी और खिलाड़ियों के भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दी थीं। वहीं, महिला क्रिकेट टीम की जीत पर भी प्रधानमंत्री ने खुशी जाहिर की थी। उन्होंने हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई देते हुए पूरे टूर्नामेंट में उसके आत्मविश्वास, कौशल और शानदार टीमवर्क की सराहना की थी।
भारतीय क्रिकेट टीमों की सफलता का मनाएंगे जश्न-
एशियन गेम्स में पुरुष और महिला, दोनों क्रिकेट टीमों की लगातार दूसरी गोल्ड मेडल जीत भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रस्तावित मुलाकात में खिलाड़ियों की इस सफलता का जश्न मनाया जाएगा। इस दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किए जाने की भी उम्मीद है।
यह भी पढ़े- पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा में गिरी इमरान की PTI सरकार, इमरजेंसी लागू









