Asian Games: भारत और जापान के बीच राजनयिक रिश्तों के 75 साल पूरे होने के मौके पर क्रिकेट के मैदान पर भी खास जश्न देखने को मिलेगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार को घोषणा की कि भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम 22 सितंबर को जापान के खिलाफ एकमात्र T20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलेगी। यह मैच जापान के टोचिगी प्रीफेक्चर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। मुकाबले के विजेता को सुजुकी कप प्रदान किया जाएगा। खास बात यह है कि यह मैच एशियन गेम्स 2026 की तैयारियों के लिहाज से भी भारतीय टीम के लिए अहम माना जा रहा है।
BCCI ने एक्स पोस्ट के जरिए की आधिकारिक घोषणा
BCCI ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के जरिए भारत-जापान मुकाबले की जानकारी साझा की। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि BCCI इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने को लेकर बेहद उत्साहित है। उन्होंने कहा कि भारत और जापान की पुरुष टीमें जापान में एक विशेष T20I मुकाबले के लिए आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला भारतीय क्रिकेट को एक नए देश और क्षेत्र तक पहुंचाने के साथ जापान और पूर्वी एशिया में खेल की लोकप्रियता बढ़ाने का अवसर भी देगा।
Asian Games: स्पोर्ट 75′ पहल से जुड़ा है मुकाबला
भारत-जापान के बीच होने वाला यह मुकाबला ‘स्पोर्ट 75’ पहल के लॉन्च का प्रतीक भी है। यह पहल दोनों देशों के बीच खेल सहयोग और आपसी आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। क्रिकेट के इस मुकाबले को भारत और जापान के बीच मजबूत होते संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एशियन गेम्स से पहले परिस्थितियों को समझने का मौका
22 सितंबर को जापान के खिलाफ मुकाबले के कारण भारतीय टीम एशियन गेम्स से पहले ही देश पहुंच जाएगी। इससे खिलाड़ियों को जापान की परिस्थितियों, मौसम और मैदान के अनुकूल ढलने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। यह तैयारी भारत के लिए अहम होगी, क्योंकि एशियन गेम्स 2026 में टीम इंडिया को अपने अभियान की शुरुआत 28 सितंबर को क्वार्टर फाइनल मुकाबले से करनी है।
Asian Games: खिताब बचाने उतरेगी डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया
एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतरेगी। ऐसे में जापान के खिलाफ T20I मुकाबला खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिता से पहले उपयोगी अभ्यास का मौका भी होगा। भारत की कोशिश इस मुकाबले के जरिए परिस्थितियों को समझने के साथ-साथ एशियन गेम्स में अपने खिताब के बचाव की मजबूत तैयारी करने की होगी।
ये भी पढ़ें…जानिए निशु आजाद के वीडियो के बाद चर्चा में आए स्वतंत्र भारद्वाज कौन हैं, जिन पर हुई FIR








