Assam Elections: असम में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सियासी माहौल तेजी से गरमा गया है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। हाल ही में कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद अब असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पलटवार करते हुए कड़ा रुख अपनाया है। मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम हिमंता ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा पर निशाना साधते हुए विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मैं एक और एक्शन लेने जा रहा हूं, मैं पवन खेड़ा को पवन पेड़ा बना दूंगा, कुछ दिन इंतजार कीजिए। उनके इस बयान के बाद सियासी बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
पत्नी के खिलाफ लगाए थे गंभीर आरोप
दरअसल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री हिमंता और उनकी पत्नी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। दिल्ली और गुवाहाटी में आयोजित इन प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए कांग्रेस ने सरकार को घेरने की कोशिश की। इन आरोपों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री हिमंता ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेश की गई सामग्री का संबंध एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह से है। सीएम ने कहा कि जांच में यह सामने आया है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस की पूरी सामग्री बाहरी स्रोतों से, विशेष रूप से पाकिस्तान से जुड़ी हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि असम चुनाव को लेकर पाकिस्तान की दिलचस्पी पहले के मुकाबले बढ़ गई है।
“पवन खेड़ा को मैं पवन पेड़ा बना दूंगा” pic.twitter.com/yGZ9rBm8LH
— Sachin Gupta (@Sachingupta) April 7, 2026
Assam Elections: कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश
सीएम सरमा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तानी मीडिया चैनलों पर असम चुनाव को लेकर कई चर्चाएं हुई हैं, जिनमें कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश दिखाई दे रही है। उनके अनुसार, हर चर्चा का निष्कर्ष यही था कि कांग्रेस को जीतना चाहिए। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाहरी हस्तक्षेप की कोशिश बताते हुए गंभीर चिंता जताई।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेताओं पर फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में आईपीसी की धारा 420 और 468 (धोखाधड़ी और जालसाजी) के तहत कार्रवाई हो सकती है। साथ ही उन्होंने नए कानूनों के तहत कड़ी सजा, यहां तक कि आजीवन कारावास तक के प्रावधानों का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए झूठे और मनगढ़ंत दस्तावेजों का इस्तेमाल गंभीर अपराध है।
ये भी पढ़े… इमेज बदली, सोच बदली… आजमगढ़ को लेकर CM योगी का बड़ा बयान, बोले- ‘अब कोई भेदभाव नहीं, सबका स्वागत’








