Assam News: असम में बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य में सड़क और पुल परियोजनाओं के लिए कुल 747.72 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसकी जानकारी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दी।
सीआरआईएफ योजना के तहत मिली मंजूरी
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत असम में 10 सड़क विकास परियोजनाओं के लिए 617.98 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा CRIF सेतु बंधन योजना के अंतर्गत 16 पुल परियोजनाओं के लिए 129.74 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।
Assam News: कनेक्टिविटी और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
नितिन गडकरी ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, परिवहन क्षमता बढ़ेगी और यात्रा का समय कम होगा। इससे स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी, लोगों और सामान की आवाजाही आसान होगी और असम के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर का भी जिक्र
गौरतलब है कि पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में 6,950 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का भूमि पूजन किया था। यह परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-715 के कालियाबोर–नुमालीगढ़ खंड पर विकसित की जा रही है।
Assam News: पर्यावरण के अनुकूल राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना
करीब 86 किलोमीटर लंबी यह परियोजना पर्यावरण के प्रति संवेदनशील डिजाइन पर आधारित है। इसमें 35 किलोमीटर का एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर, 21 किलोमीटर का बाईपास और मौजूदा दो लेन सड़क को चार लेन में बदलने का कार्य शामिल है। यह कॉरिडोर काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान से होकर गुजरेगा, जिससे वन्यजीवों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होगी।
ऊपरी असम को मिलेगा सीधा फायदा
यह परियोजना नागांव, कार्बी आंगलोंग और गोलाघाट जिलों से होकर गुजरेगी, जिससे डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया सहित पूरे ऊपरी असम की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इसके साथ ही मानव–वन्यजीव संघर्ष कम होगा, सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
ये भी पढ़े… बेंगलुरु ग्रामीण में भीषण हादसा: कार-बाइक-कैंटर टक्कर, 7 की मौत






