Bangladesh: भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने नाकाम कर दिया है। मेघालय में सिलहट सीमा से सटे पराईहाट इलाके में बीती रात BSF और घुसपैठियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो घुसपैठियों को मार गिराया गया। घटना के बाद पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा और चौकसी और बढ़ा दी गई है।
600 मीटर अंदर तक घुस चुके थे घुसपैठिए
BSF के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मारे गए घुसपैठियों की पहचान 19 वर्षीय आशिकुर और 22 वर्षीय मोसाहिद के रूप में हुई है। दोनों घुसपैठिए भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के मेन पिलर संख्या 1260 के पास से सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में करीब 600 मीटर अंदर तक दाखिल हो चुके थे। यह इलाका घने जंगलों, पहाड़ियों और दुर्गम रास्तों के कारण पहले से ही संवेदनशील माना जाता है, जहां तस्करी और अवैध घुसपैठ की घटनाएं सामने आती रही हैं।
Bangladesh: चेतावनी के बावजूद नहीं रुके घुसपैठिए
BSF सूत्रों के मुताबिक, सीमा पर गश्त कर रहे जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और घुसपैठियों को रुकने की चेतावनी दी। इसके बावजूद उन्होंने पीछे हटने से इनकार कर दिया और आगे बढ़ने का प्रयास जारी रखा। स्थिति को गंभीर होता देख और अपनी सुरक्षा तथा सीमा की अखंडता को ध्यान में रखते हुए BSF जवानों को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। मुठभेड़ में दोनों घुसपैठिए मौके पर ही ढेर हो गए।
मौके से जांच शुरू
घटना के बाद BSF के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। आशंका जताई जा रही है कि घुसपैठिए तस्करी या किसी अन्य अवैध गतिविधि में शामिल हो सकते थे। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और बांग्लादेशी सीमा सुरक्षा एजेंसियों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
Bangladesh: सीमा पर हाई अलर्ट
हाल के दिनों में भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करी, अवैध घुसपैठ और असामाजिक गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई है। इसे देखते हुए BSF ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। BSF अधिकारियों का कहना है कि देश की सीमाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की घुसपैठ की कोशिश को सख्ती से नाकाम किया जाएगा। फिलहाल पराईहाट और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और निगरानी बढ़ा दी गई है।
ये भी पढ़े… खीरी में अवैध खनन का विरोध करने पहुंचे सिख समाज पर हमला, बुजुर्ग की पगड़ी उछालने पर बढ़ा आक्रोश







