Bengal News: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) को फोन कर अभिषेक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
इलाज में मदद की भी पेशकश
ममता बनर्जी ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि राहुल गांधी ने फोन पर कहा कि यदि किसी भी प्रकार की जरूरत हो तो उन्हें बताया जाए। उन्होंने यह भी पेशकश की कि आवश्यकता पड़ने पर अभिषेक बनर्जी के इलाज की व्यवस्था हैदराबाद या किसी अन्य स्थान पर भी कराई जा सकती है।
Bengal News: सोनारपुर में हुई थी घटना
बताया जा रहा है कि अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान कथित तौर पर भीड़ द्वारा उन पर हमला किया गया। घटना के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल गरमा गया और टीएमसी तथा भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

पांच आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तपन माइती और आकाश के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही हैं।
Bengal News: मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट नहीं
कोलकाता के बेल व्यू क्लिनिक में हुई चिकित्सकीय जांच के अनुसार अभिषेक बनर्जी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। मेडिकल रिपोर्ट में केवल सीने पर हल्की चोट के निशान होने की बात कही गई है।
अस्पताल में भर्ती की जरूरत नहीं पड़ी
डॉक्टरों के अनुसार जांच के दौरान अभिषेक बनर्जी पूरी तरह होश में थे और उनकी स्थिति स्थिर थी। एहतियात के तौर पर उन्हें सलाइन और दर्द निवारक दवाएं दी गईं, लेकिन अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
ये भी पढ़े… ट्रंप का बड़ा दावा: परमाणु समझौते के बेहद करीब ईरान, नहीं बनाएगा न्यूक्लियर हथियार








