Bengal News: कूचबिहार जिले में बक्सीरहाट थाना पुलिस ने गो-तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार रात असम–बंगाल सीमा के जिराई मोड़ के पास नाका चेकिंग के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
चेकिंग के दौरान ट्रक से 20 गाय बरामद
पुलिस ने बंगाल की ओर से असम जा रहे एक ट्रक को संदेह के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर सामने आया कि ट्रक में आलू की बोरियों के नीचे मवेशियों को छिपाकर ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान ट्रक से कुल 20 गाय बरामद की गईं, जिन्हें अवैध रूप से असम ले जाया जा रहा था।
Bengal News: तीनों तस्कर असम के निवासी
गो-तस्करी के आरोप में पुलिस ने ट्रक चालक सहित तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रबिउल इस्लाम, सफिउर रहमान और सद्दाम हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी असम के बोंगाईगांव इलाके के निवासी हैं।
गिरोह की भूमिका की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने सभी आरोपियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद शनिवार को उन्हें तूफानगंज महकुमा अदालत में पेश किया। बक्सीरहाट थाना पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे किसी बड़े गो-तस्करी गिरोह का हाथ है या नहीं। साथ ही ट्रक के मालिक और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
ये भी पढ़ें…ममता सरकार पर टिप्पणी पड़ी भारी, बीजेपी नेता अमित मालवीय पर एफआईआर







