Home » बिहार » Bihar Politics: भाजपा ने विधायक दल बैठक का पर्यवेक्षक केशव प्रसाद मौर्य को बनाया, मेघवाल-साध्वी ज्योति बने सह-पर्यवेक्षक

Bihar Politics: भाजपा ने विधायक दल बैठक का पर्यवेक्षक केशव प्रसाद मौर्य को बनाया, मेघवाल-साध्वी ज्योति बने सह-पर्यवेक्षक

केशव मौर्य

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने पूर्ण बहुमत के साथ प्रचंड जीत हासिल की। एक तरफ जहां एनडीए को 202 सीटें मिलीं, वहीं भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भाजपा को 89 और जेडीयू को 85 सीटें मिली हैं। अब भाजपा ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को बिहार में केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। साथ ही इस प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

नतीजों में विपक्ष को करारी हार मिली

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में विपक्ष को करारी हार मिली है, वहीं एनडीए को बड़ी जीत मिली है। अब विधायक दल के नेता का चुनाव होना है। इसके लिए भाजपा ने केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर यूपी के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य को नियुक्त किया है। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा को 89, जेडीयू को 85, राजद को 25, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) को 19, कांग्रेस को 6, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को 5 और हिंदुस्तान आवाम मोर्चा को 5 सीटें मिली हैं। बिहार में एनडीए की नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

Bihar Politics: गांधी मैदान में होगा मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह

आपको बता दें कि पटना के गांधी मैदान में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसे लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के मुताबिक, 20 नवंबर को शपथ ग्रहण समारोह होगा। 19 नवंबर को विधायक दल की बैठक होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि इस कार्यक्रम में दो से तीन लाख लोग शामिल होंगे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्री और तमाम अन्य लोग शामिल होंगे।

ये भी पढ़े… Delhi Blast: आतंकी उमर का वीडियो देख बोले राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ‘जिहादी सोच वाले जहन्नुम के हकदार’