Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पुलिस विभाग उस समय विवादों में घिर गया, जब थाना रेहड़ में तैनात एक महिला कांस्टेबल का कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में महिला कांस्टेबल पुलिस की खाकी वर्दी में नजर आ रही है, जिससे विभागीय अनुशासन, मर्यादा और आचार संहिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि वीडियो में महिला कांस्टेबल के साथ एक हेड कांस्टेबल भी दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वीडियो के तेजी से प्रसारित होने के बाद आम लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है और पुलिस की कार्यशैली को लेकर आलोचनाएं भी सामने आ रही हैं। कई यूजर्स ने वर्दी की गरिमा बनाए रखने की मांग की है।
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बिजनौर अभिषेक झा ने तत्काल संज्ञान लिया और बिना देरी किए दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी कर्मचारी द्वारा नियमों व आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग की ओर से पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया, उस समय ड्यूटी की स्थिति क्या थी, और वीडियो के वायरल होने के पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं। आवश्यकता पड़ने पर साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच भी कराई जाएगी।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग में अनुशासन को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
ये भी पढ़े… 40 लाख युवाओं को मुफ्त टैबलेट-स्मार्टफोन देगी Yogi सरकार, जानें कैसे मिलेगा योजना का लाभ?







