Bittu Bajrangi Marriage Scam: नूंह हिंसा मामले के आरोपी और खुद को गौरक्षक बताने वाले बिट्टू बजरंगी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला किसी बयानबाज़ी या संगठनात्मक गतिविधि से जुड़ा नहीं, बल्कि शादी के नाम पर उनके साथ हुई कथित ठगी का है। यह मामला उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से जुड़ा है, जहां 1.20 लाख रुपये लेकर शादी तय कराई गई, लेकिन बारात पहुंचने पर दुल्हन गायब मिली।
1.20 लाख में तय हुई शादी
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी निवासी बिट्टू बजरंगी ने शादी के लिए एक बिचौलिए से संपर्क किया था। पड़ोसी के एक रिश्तेदार के माध्यम से उसकी पहचान बंटी नामक व्यक्ति से हुई। बाद में बिचौलिए ने अलीगढ़ की रहने वाली युवती रानी से मिलवाया। बातचीत के बाद कुल 1.20 लाख रुपये में शादी तय की गई।
Bittu Bajrangi Marriage Scam: बारात पहुंची, न दुल्हन मिली
तय कार्यक्रम के अनुसार बिट्टू बजरंगी परिवार और रिश्तेदारों के साथ बारात लेकर अलीगढ़ के बताए गए मंदिर पहुंचे। लेकिन वहां न तो लड़की मौजूद थी और न ही बिचौलिया बंटी या उसका कोई सहयोगी। बार-बार फोन करने के बावजूद किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। आखिरकार बारात को बिना दुल्हन के ही फरीदाबाद लौटना पड़ा।
फरीदाबाद में तीन के खिलाफ FIR
घटना के बाद बिट्टू बजरंगी ने पर्वतीय कॉलोनी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने बंटी, प्रदीप और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह किसी संगठित ठगी गिरोह का मामला तो नहीं।
Bittu Bajrangi Marriage Scam: ऑडियो वायरल, पुष्टि नहीं
इस बीच बिट्टू बजरंगी का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह पूजा नाम की एक युवती से शादी की गुहार लगाता सुनाई देता है। हालांकि इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने भी इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया है।
कौन है बिट्टू बजरंगी
राजकुमार उर्फ बिट्टू बजरंगी फरीदाबाद के संजय एन्क्लेव, पर्वतीय कॉलोनी का रहने वाला है। वह 31 जुलाई 2023 को नूंह में बृजमंडल यात्रा के दौरान हुई हिंसा के बाद सुर्खियों में आया था। इस मामले में उस पर कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ था और वह कुछ समय जेल में भी रह चुका है। इसके अलावा, मारपीट के वीडियो, भड़काऊ बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर भी उसका नाम कई बार विवादों में आ चुका है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और यदि ठगी के आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े…टी20 विश्व कप 2026 : ऑस्ट्रेलिया और ओमान आमने-सामने आज, क्या होगा एक और बड़ा उलटफेर?






