Cancer diwas: कैंसर एक गंभीर बीमारी है, जिसका नाम सुनते ही लोगों में डर पैदा हो जाता है। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि संतुलित जीवनशैली अपनाकर और हानिकारक आदतों से दूर रहकर इसके खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। हर साल 4 फरवरी को मनाया जाने वाला विश्व कैंसर दिवस लोगों में जागरूकता बढ़ाने, कारणों को समझने और बचाव के उपायों पर ध्यान केंद्रित करने के उद्देश्य से समर्पित है।
तंबाकू से दूरी सबसे बड़ा बचाव
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, कैंसर से बचाव का सबसे महत्वपूर्ण कदम तंबाकू और उससे जुड़े सभी उत्पादों—सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, पान मसाला और हुक्का से पूरी तरह दूरी बनाना है। तंबाकू मुंह, फेफड़े, गले और पेट के कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है।
Cancer diwas: संतुलित वजन और नियमित व्यायाम जरूरी
विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर का वजन नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि मोटापा स्तन, आंत, किडनी और गर्भाशय जैसे कई कैंसर का खतरा बढ़ाता है। रोजाना 30 से 45 मिनट पैदल चलना, योग, साइकिलिंग या अन्य शारीरिक गतिविधियां अपनाने से कैंसर का जोखिम कम किया जा सकता है।
Cancer diwas: पौष्टिक आहार बढ़ाता है शरीर की प्रतिरोधक क्षमता
रंग-बिरंगे फल-सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, नट्स और कम प्रोसेस्ड फूड शरीर में एंटीऑक्सीडेंट्स बढ़ाते हैं, जो कैंसर कोशिकाओं से लड़ने में मदद करते हैं। इसलिए संतुलित और पौष्टिक आहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।
समय पर जांच से आसान होता है इलाज
कैंसर से बचाव का एक अहम तरीका नियमित स्वास्थ्य जांच भी है। डॉक्टर की सलाह से समय-समय पर मैमोग्राफी, पैप स्मीयर और कोलोनोस्कोपी जैसी स्क्रीनिंग कराने से बीमारी शुरुआती चरण में पकड़ में आ सकती है, जिससे इलाज अधिक प्रभावी और सफल हो जाता है। विश्व कैंसर दिवस का संदेश साफ है जागरूकता, स्वस्थ दिनचर्या और समय पर जांच के जरिए इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
यह भी पढे़ : सोने-चांदी में फिर तेजी: गोल्ड 1.51 लाख के पार, चांदी 2.63 लाख रुपए प्रति किलो पहुंची







