Child Theft Rumors: झारखंड में हाल के दिनों में बच्चा चोरी की अफवाहों ने भयावह रूप ले लिया है। पिछले पांच दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में 12 से अधिक घटनाएं हुई हैं, जिनमें अफवाह के कारण भीड़ ने निर्दोष लोगों पर हमला किया।
रांची में शक के आधार पर हमला
गुरुवार को रांची के एदलहातु क्षेत्र में केवल शक के आधार पर तीन लोगों को भीड़ ने घेरकर पीट दिया। इनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी को सुरक्षित थाने तक पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में किसी संगठित बच्चा चोरी गिरोह का कोई संकेत नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह तीनों लोग ऑटो में एक रोते हुए बच्चे को ले जा रहे थे। तभी किसी ने बच्चा चोरी की अफवाह फैलाना शुरू किया। जैसे ही सूचना फैली, आसपास की भीड़ इकट्ठा हो गई और बिना सत्यापित किए ऑटो रोककर लोगों को नीचे उतार लिया। भीड़ ने तुरंत मारपीट शुरू कर दी। बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत हस्तक्षेप कर तीनों को सुरक्षित थाने तक ले गए।
Child Theft Rumors: पुलिस ने समय रहते बचाव किया
राज्य के अन्य जिलों में भी इसी तरह की अफवाहें सोशल मीडिया, खासकर व्हाट्सएप के माध्यम से तेजी से फैल रही हैं। धनबाद, चतरा, जमशेदपुर, जामताड़ा, गिरिडीह, रामगढ़, लातेहार और बोकारो में भी संदिग्ध लोगों पर भीड़ ने हमला किया।
चतरा जिले के पिपरवार में तीन दिन पहले एक व्यक्ति को बच्चा चोरी के शक में पीट-पीटकर मार डाला गया। बाद में पता चला कि वह व्यक्ति मानसिक रूप से विक्षिप्त था। धनबाद के बाघमारा थाना क्षेत्र में भी बुधवार को बच्चा चोरी की अफवाह में दो महिलाओं पर भीड़ ने हमला किया, जिन्हें पुलिस ने बचाकर सुरक्षित थाने तक पहुंचाया।
बोकारो में महिलाओं पर भीड़ का हमला
16 फरवरी को बोकारो में छह महिलाओं को बच्चा चोर गैंग से जुड़ने के आरोप में भीड़ ने पीटा। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित बचाया।झारखंड पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अफवाह या संदिग्ध सूचना की पुष्टि किए बिना कानून अपने हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।
ये भी पढ़ें… गंधराज के औषधीय गुणों की बढ़ी मांग, जानिए इसके फायदे






