Chola railway: जेवर क्षेत्र के तेजी से हो रहे विकास के बीच अब परिवहन व्यवस्था को भी आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर चोला रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और उसे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने का प्रस्ताव रखा। इस पहल को क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के लिए अहम माना जा रहा है।
चोला स्टेशन बनेगा मल्टीमॉडल हब
बैठक में चोला रेलवे स्टेशन को आधुनिक मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया। प्रस्ताव में स्टेशन के पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और एयरपोर्ट तक तेज रेल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की योजना शामिल है। इसके साथ ही नई रेल लाइन को मंजूरी देने और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रखी गई।
Chola railway: रोजगार और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। किसानों को बेहतर बाजार और उद्योगों को सीधा फायदा मिलेगा। चोला स्टेशन को लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रेल मंत्रालय ने दिया भरोसा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आश्वासन दिया कि मंत्रालय इन प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर रहा है। उन्होंने बताया कि योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जा रहा है और जल्द ही आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। बैठक में संजय शर्मा भी मौजूद रहे। इस पहल से आने वाले समय में जेवर क्षेत्र को एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश केंद्र के रूप में विकसित करने की उम्मीद जताई जा रही है।







