CJP Protest: जंतर-मंतर पर आयोजित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (Cockroach Janata Party) के प्रदर्शन के दौरान संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर उठाई जा रही मांगों पर ध्यान देने के बजाय सरकार सोशल मीडिया पर उनकी गतिविधियों को रोकने में अधिक रुचि दिखा रही है।
एक महीने से चल रही इस्तीफे की मांग
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए दीपके ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर उनका अभियान पिछले एक महीने से लगातार जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मांगों पर जवाब देने के बजाय सोशल मीडिया पोस्ट हटवाने और अकाउंट्स को निशाना बनाने का प्रयास कर रही है।
CJP Protest: अकाउंट हैक और पोस्ट डिलीट कराने का आरोप
अभिजीत दीपके ने कहा, “यह एक लंबा संघर्ष है। हम पिछले एक महीने से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठा रहे हैं, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय हमारे अकाउंट हैक करने और पोस्ट डिलीट करवाने की कोशिश की जा रही है। पोस्ट हटाई जा सकती हैं, लेकिन हमारी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।”

शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग
दीपके ने दावा किया कि उनकी मुहिम का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करना और छात्रों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों की समस्याओं को लेकर युवाओं में नाराजगी बढ़ रही है, जिसे अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
CJP Protest: सोनम वांगचुक के समर्थन का जिक्र
इस दौरान उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का भी उल्लेख किया और उनके समर्थन के लिए आभार जताया। दीपके ने कहा कि वांगचुक जल्द ही आंदोलन में शामिल हो सकते हैं, जिससे छात्रों और युवाओं की इस मुहिम को और बल मिलेगा।
बड़ी संख्या में जुटे छात्र-युवा
जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, परीक्षा प्रणाली में सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। संगठन का कहना है कि उनकी लड़ाई शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगी तथा छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाई जाती रहेगी।
अभिजीत दीपके जंतर मंतर पहुँच चुके हैं
धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा ले कर रहेंगे #cjpprotest pic.twitter.com/QV4cTjplt5
— Cockroach is Back (@Cockroachisback) June 6, 2026
ये भी पढ़े… खान सर-रोशन आनंद विवाद पर पप्पू यादव का बड़ा बयान, बोले- पटना के कोचिंग संस्थानों को बदनाम करने की साजिश








