CO Assault Incident: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने चतरा जिले के इटखोरी प्रखंड की अंचल अधिकारी (सीओ) सविता सिंह द्वारा एक युवक को लाठी से मारने का वायरल वीडियो शेयर करते हुए उनके निलंबन की मांग की है।
सीओ ने युवक पर लाठी प्रहार
वीडियो में देखा जा सकता है कि दो पुलिसकर्मी एक युवक को पुलिस वाहन में बैठाने की कोशिश कर रहे हैं। तभी सीओ सविता सिंह हाथ में लाठी लेकर वहां पहुंचती हैं और युवक के सिर के पीछे प्रहार करती हुई दिखाई देती हैं। इसके बाद वह युवक को उंगली दिखाकर चेतावनी भी देती हैं। आसपास मौजूद लोग पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते नजर आते हैं।

CO Assault Incident: इटखोरी घटना का वीडियो वायरल
सूत्रों के अनुसार यह घटना 20 फरवरी की है, जब इटखोरी महोत्सव चल रहा था। किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस वीडियो को एक्स और फेसबुक पर साझा करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारी द्वारा किसी युवक के सिर पर डंडा मारना गंभीर और चिंताजनक है।
सार्वजनिक मारपीट प्रशासनिक मर्यादा उल्लंघन
मरांडी ने कहा कि प्रशासनिक पदों पर बैठे अधिकारियों से संयम, संवेदनशीलता और कानून के अनुसार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। यदि युवक से कोई गलती हुई होती, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती थी। लेकिन सार्वजनिक रूप से सड़क पर इस तरह की मारपीट करना प्रशासनिक मर्यादा के खिलाफ है।उन्होंने चतरा के उपायुक्त से तुरंत सीओ सविता सिंह को निलंबित करने और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: पीलीभीत में बड़ा सड़क हादसा: 50 श्रमिकों को ले जा रही बस पलटी, 24 घायल







