Commonwealth Games 2026: 23वें राष्ट्रमंडल खेल (Commonwealth Games 2026) का शुभारंभ आज स्कॉटलैंड के ग्लासगो में रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ होगा। 11 दिनों तक चलने वाले इस बहु-खेल आयोजन में राष्ट्रमंडल के 74 देशों और क्षेत्रों के लगभग 3,000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ग्लासगो दूसरी बार इन खेलों की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले वर्ष 2014 में भी यह शहर सफल मेजबान रह चुका है। दुनिया भर के खेल प्रेमियों की निगाहें अब अगले 11 दिनों तक इन खेलों पर टिकी रहेंगी।

इस बार छोटा आयोजन, लेकिन कई नई खासियतें
ग्लासगो 2026 राष्ट्रमंडल खेलों का स्वरूप पिछले संस्करणों की तुलना में अधिक कॉम्पैक्ट रखा गया है। इस बार केवल 10 खेल शामिल किए गए हैं, जबकि बर्मिंघम 2022 में 19 खेल खेले गए थे। सभी प्रतियोगिताएं केवल चार प्रमुख वेन्यू पर आयोजित होंगी, जिससे आयोजन की लागत कम होगी और खिलाड़ियों के लिए आवागमन भी आसान रहेगा। हालांकि खेलों की संख्या कम है, लेकिन प्रतिस्पर्धा पहले की तरह ही रोमांचक रहने की उम्मीद है।
क्या है इस बार नया और खास?
इस संस्करण में कोई नया खेल शामिल नहीं किया गया है, लेकिन कई नए इवेंट जोड़े गए हैं। पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं की 1 माइल (1.6 किमी) दौड़ आयोजित होगी, जबकि पुरुषों की माइल रेस की भी लंबे समय बाद वापसी हो रही है। तैराकी में पुरुषों की 800 मीटर फ्रीस्टाइल, महिलाओं की 1500 मीटर फ्रीस्टाइल और मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले जैसे नए इवेंट भी कार्यक्रम का हिस्सा हैं। इसके अलावा, इस बार राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास का सबसे बड़ा पैरा स्पोर्ट्स पदक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें छह खेलों में 47 पदक स्पर्धाएं होंगी।

भारत की उम्मीदें और भव्य शुरुआत
भारत ने इस बार लगभग 125 सदस्यीय दल भेजा है, जिसमें नीरज चोपड़ा, मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहैन जैसे स्टार खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों से देश को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। आज ग्लासगो के OVO Hydro एरीना में रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ खेलों की शुरुआत होगी, जिसके बाद अगले 11 दिनों तक दुनिया की नजर इन रोमांचक मुकाबलों पर रहेगी।
Written by: Mahi Modi
यह भी पढ़े…अमेरिका ने ईरान पर फिर किए हवाई हमले, जवाब में ईरान ने तेल निर्यात रोकने की चेतावनी







