CUET 2026 News: देशभर के कई परीक्षा केंद्रों पर आयोजित स्नातक विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा तकनीकी गड़बड़ियों की वजह से प्रभावित हो गई। दिल्ली, लखनऊ और नोएडा समेत कई शहरों में सर्वर संबंधी समस्याओं के कारण परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी। इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ अभ्यर्थी परीक्षा पूरी भी नहीं कर सके, जिसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने प्रभावित छात्रों को दोबारा परीक्षा का अवसर देने की घोषणा की है।
दिल्ली और लखनऊ में घंटों देरी से शुरू हुई परीक्षा
दिल्ली के सरिता विहार स्थित परीक्षा केंद्र पर सुबह नौ बजे शुरू होने वाली परीक्षा लगभग दो घंटे से अधिक की देरी से आरंभ हुई। अभिभावकों ने बताया कि सर्वर संबंधी समस्या के कारण परीक्षा करीब ग्यारह बजकर बीस मिनट पर शुरू हो सकी। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा भी निर्धारित समय से लगभग एक घंटे देर से आरंभ हुई। लखनऊ के कई परीक्षा केंद्रों पर भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली। छात्र सुबह से केंद्रों पर मौजूद रहे, लेकिन तकनीकी बाधा के कारण परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्हें लंबे समय तक स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी गई।
CUET 2026 News: नोएडा में छात्रों का विरोध, जानकारी नहीं मिलने का आरोप
नोएडा के सेक्टर चौंसठ स्थित परीक्षा केंद्र पर स्थिति अधिक तनावपूर्ण रही। छात्रों ने आरोप लगाया कि घंटों इंतजार के बावजूद उन्हें परीक्षा की स्थिति के बारे में कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी गई। कई अभ्यर्थियों का कहना था कि वे बिना भोजन और पानी के लंबे समय तक परीक्षा कक्ष में बैठे रहे। कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि पहले परीक्षा रद्द होने की बात कही गई और बाद में विलंब की सूचना जारी की गई, जिससे भ्रम और बढ़ गया। इसको लेकर कई विद्यार्थियों ने नाराजगी भी जताई।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने दिया दोबारा परीक्षा का आश्वासन
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने तकनीकी बाधा से हुई असुविधा पर खेद व्यक्त किया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि जिन अभ्यर्थियों ने बायोमेट्रिक पंजीकरण कराया था, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर पाए, उन्हें पुनः परीक्षा देने का अवसर प्रदान किया जाएगा।एजेंसी ने कहा कि प्रभावित अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही आगे की प्रक्रिया की जानकारी साझा की जाएगी।
ये भी पढ़ें…नागौर रिंग रोड पर भीषण हादसा, चार की मौत







