Datia By Election: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग द्वारा नामांकन प्रक्रिया जारी है, लेकिन अब तक किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। चुनाव कार्यालय से अब तक पांच नामांकन फॉर्म जारी किए जा चुके हैं। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार 13 जुलाई नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है और इसके बाद आगे की चुनावी प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी।
इन संभावित उम्मीदवारों ने लिए नामांकन फॉर्म
उपचुनाव के निर्वाचन सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अजय झा ने बताया कि अब तक कुल पांच नामांकन फॉर्म जारी किए गए हैं। इनमें आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव और केशव यादव, कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार अवधेश नायक तथा निर्दलीय उम्मीदवार हरदास कुशवाहा और राम सिंह बघेल शामिल हैं। हालांकि अभी तक किसी भी प्रत्याशी ने भरा हुआ नामांकन पत्र जमा नहीं किया है। उन्होंने बताया कि जारी किए गए सभी फॉर्म की जानकारी सूचना पटल पर प्रदर्शित की जा रही है।
Datia By Election: मतदान केंद्रों का निरीक्षण, सुरक्षा तैयारियां तेज
निर्वाचन आयोग के साथ-साथ पुलिस प्रशासन भी उपचुनाव की तैयारियों में जुटा हुआ है। दतिया पुलिस मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं का जायजा ले रही है। इसी क्रम में एसडीओपी आकांक्षा जैन ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में एक दर्जन से अधिक मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
13 जुलाई तक चलेगी नामांकन प्रक्रिया
सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अजय झा ने बताया कि नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 13 जुलाई तक जारी रहेगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और अन्य चुनावी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। फिलहाल सभी राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों की नजर नामांकन प्रक्रिया पर बनी हुई है और आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियों के और तेज होने की संभावना है।
Datia By Election: क्यों हो रहा है दतिया में उपचुनाव ?
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव इसलिए कराया जा रहा है क्योंकि यहां के विधायक राजेन्द्र भारती को कोर्ट द्वारा बैंक फ्रॉड़ मामले में सजा मिलने के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी। जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत विधानसभा की रिक्त सीट पर निर्धारित समय सीमा के भीतर उपचुनाव कराना अनिवार्य होता है, ताकि क्षेत्र की जनता को नया जनप्रतिनिधि मिल सके। इसी प्रक्रिया के तहत निर्वाचन आयोग ने दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा की है।








