Breaking News
Home » नई दिल्ली » बारिश में मदद के लिए रोकी खाली स्लीपर बस, 47 किमी के सफर में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप का आरोप

बारिश में मदद के लिए रोकी खाली स्लीपर बस, 47 किमी के सफर में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप का आरोप

स्लीपर बस में छात्रा से गैंगरेप का आरोप

Delhi Bus Gang Rape: दिल्ली में 16 साल की एक छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में गैंगरेप का मामला सामने आया है। यह घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है, जबकि दिल्ली पुलिस ने 31 अगस्त को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।

परी चौक से बस में बैठी थी छात्रा

पुलिस के अनुसार, पीड़ित छात्रा ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर बस में सवार हुई थी। इसके बाद आरोपी उसे कश्मीरी गेट के पास उतारकर फरार हो गए। इस दौरान बस करीब 47 किलोमीटर तक चली। बस की खिड़कियों पर पर्दे लगे हुए थे।पुलिस ने इस मामले में बस ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है। हालांकि, दोनों की गिरफ्तारी किस तारीख को हुई, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पीड़ित छात्रा उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है।

Delhi Bus Gang Rape: घर में विवाद के बाद निकली थी छात्रा

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, छात्रा का मैनपुरी स्थित अपने घर पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह रात में परिवार को बिना बताए घर से निकल गई। वह नोएडा में रहने वाले अपने कजिन से मिलने के लिए जा रही थी।रात के समय तेज बारिश और अंधेरा होने के कारण वह रास्ते में गलती से परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान वहां से एक खाली स्लीपर बस गुजर रही थी। बारिश में फंसी छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया।

नोएडा जाने की बात कहकर बस में बैठाया

पुलिस के अनुसार, ड्राइवर और कंडक्टर ने छात्रा को बस में बैठा लिया। उन्होंने उसे बताया कि बस नोएडा सेक्टर-63 जा रही है। आरोप है कि बस के कुछ दूर जाने के बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने की कोशिश शुरू कर दी।छात्रा ने इसका विरोध किया। उसके अनुसार, इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

Delhi Bus Gang Rape: विरोध करने पर जान से मारने की धमकी

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब उसने आरोपियों का विरोध किया तो दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि देर रात दोनों ने छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से चले गए।इसके बाद छात्रा ने उसी रात कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क किया और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तिमारपुर स्थित एक बस पार्किंग से गिरफ्तार किया। घटना में इस्तेमाल की गई स्लीपर बस को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।पुलिस के मुताबिक, बस की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि मामले से जुड़े सबूत जुटाए जा सकें।

खराब बस की मरम्मत के बाद लौट रहे थे आरोपी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन बस में कुछ खराबी आ गई थी। इसके बाद आरोपी बस को मरम्मत के लिए सूरजपुर, नोएडा स्थित एक वर्कशॉप में लेकर गए थे।बस की मरम्मत पूरी होने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर उसे खाली हालत में तिमारपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा ने बस को रोकने के लिए इशारा किया और उसमें सवार हो गई।

Delhi Bus Gang Rape: पर्दों की आड़ में अपराध करने का आरोप

पुलिस का कहना है कि बस के अंदर लगे पर्दों वाले हिस्से का इस्तेमाल आरोपियों ने कथित तौर पर अपराध को छिपाने के लिए किया। देर रात बस के अंदर पर्दे लगे होने के कारण बाहर से गुजर रहे लोग अंदर की स्थिति नहीं देख पा रहे थे।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बस की फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें…बवाना स्कूल में 3 साल की बच्ची से यौन शोषण का आरोप, CCTV से खुला राज; आरोपी कैब ड्राइवर गिरफ्तार