Delhi Crime: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के नंद नगरी इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां मंगलवार शाम 15 वर्षीय छात्र तहजीम के पिता, 35 वर्षीय मोहम्मद उमरदीन, को कुछ विवाद के दौरान गोली मार दी गई, जब वह अपने बेटे को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
अब पढ़े मामला…
पुलिस के अनुसार, तहजीम दसवीं कक्षा का छात्र है और बी-2 ब्लॉक में ट्यूशन जाता था। मंगलवार शाम ट्यूशन से लौटते समय उसने देखा कि कुछ लड़के उसके तीन दोस्तों की पिटाई कर रहे हैं। जब तहजीम ने हस्तक्षेप किया, तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। घबराए तहजीम ने तुरंत अपने पिता को फोन किया। उमरदीन और उनकी पत्नी राबिया घटनास्थल पर पहुंचे, तो आरोपी भड़क गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवक ने पिस्टल निकालकर हवा में राउंड फायर किए और फिर उमरदीन के सीने में गोली मार दी। कुल चार राउंड फायरिंग हुई, जिसमें से एक गोली सीधे उमरदीन को लगी। घायल उमरदीन को परिवार ने तुरंत गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Delhi Crime: सीसीटीवी खंगाली रही पुलिस
पुलिस और क्राइम टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती पूछताछ में कुछ संदिग्धों की पहचान हुई है। सूत्रों के अनुसार, आरोपियों में से कोई नाबालिग हो सकता है, इसलिए जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धाराएँ भी लागू हो सकती हैं। मोहम्मद उमरदीन अपने पिता, पत्नी और पांच बच्चों के साथ नंद नगरी में रहते थे। परिवार में इस घटना से गहरा मातम है। बताया जा रहा है कि घटना के दिन उनकी शादी की 17वीं सालगिरह मनाई जानी थी। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।






