Delhi News: दिल्ली के पश्चिमी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पश्चिम विहार वेस्ट थाना क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी पुलिस अधिकारी एक लाख रुपये की रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए पकड़ा गया।
किस मामले में ली रकम?
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सब-इंस्पेक्टर एक मामले को निपटाने के एवज में मोटी रकम की मांग कर रहा था। शुरुआती तौर पर उसने पीड़ित पक्ष से 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी, लेकिन बातचीत के बाद यह रकम घटाकर 3 लाख रुपये पर तय हुई। इसी सौदे के तहत आरोपी को पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये दिए जा रहे थे, तभी सीबीआई की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि यह मामला 26 मार्च को हुए एक झगड़े से जुड़ा है। आरोप है कि सब-इंस्पेक्टर इस केस में कार्रवाई को प्रभावित करने और आरोपी पक्ष को राहत दिलाने के बदले रिश्वत मांग रहा था। इस अवैध मांग से परेशान होकर पीड़ित पक्ष ने सीबीआई से शिकायत की, जिसके बाद एजेंसी ने मामले की जांच शुरू की।
सब-इंस्पेक्टर तत्काल प्रभाव से निलंबित
जांच के दौरान सीबीआई ने कई दिनों तक आरोपी और शिकायतकर्ता के बीच हो रही बातचीत पर नजर रखी और साक्ष्य जुटाए। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद शुक्रवार को जाल बिछाकर यह कार्रवाई की गई और आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया गया। वही इस मामले के सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित सब-इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, आगे की जांच के आधार पर उसे सेवा से बर्खास्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। सीबीआई के आंकड़ों के अनुसार, एजेंसी इस वर्ष अब तक 20 से अधिक पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर चुकी है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
ये भी पढ़े… CM योगी की सख्ती के बाद समाधान, अब 1076 हेल्पलाइन कर्मियों की बढ़ेगी सैलरी







