Delhi news: दिल्ली पुलिस ने चांदनी चौक इलाके में हुई 10.65 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो रिश्ते में मामा-भांजा हैं। पुलिस ने इनके पास से 5.51 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल और चोरी की बाइक बरामद की है।
पिस्तौल के दम पर छीना कैश से भरा बैग
घटना 26 मार्च 2026 की है। अभिषेक प्रजापति नाम का युवक, जो बवाना की एक मोजे की फैक्ट्री में काम करता है, चांदनी चौक और शास्त्री नगर से करीब 10.65 लाख रुपये कैश इकट्ठा करके लौट रहा था। शाम करीब 5:50 बजे वह शास्त्री नगर मेट्रो सबवे के पास मोबाइल पर लोकेशन देखने के लिए रुका, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्तौल तानकर उसका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
Delhi news: 500 CCTV खंगालकर पुलिस पहुंची आरोपियों तक
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस हरकत में आई और एक स्पेशल टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 500 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब 30 किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया। जांच में सामने आया कि बदमाश फर्जी नंबर प्लेट वाली यामाहा बाइक का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके बाद तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की मदद से पुलिस गाजियाबाद के लोनी इलाके के अंकुर विहार पहुंची, जहां से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
Delhi news: 7 हजार में खरीदी थी पिस्तौल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 साल के देव मग्गो और उसके 34 साल के मामा रोहित शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, देव ऑटो चलाता था और उसने ही इलाके में कैश की मूवमेंट पर नजर रखी थी। लूट को अंजाम देने के लिए दोनों ने 15-20 दिन पहले खजुरी खास से 7 हजार रुपये में देसी पिस्तौल खरीदी थी। वहीं, वारदात में इस्तेमाल बाइक 6 महीने पहले भजनपुरा से चोरी की गई थी।
कर्ज चुकाने में खर्च किए लूट के पैसे
Delhi news: पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 5,51,500 रुपये नकद, एक देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस और यामाहा FZS बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बाकी पैसे उन्होंने कर्ज चुकाने और घर का सामान खरीदने में खर्च कर दिए। फिलहाल पुलिस हथियार सप्लाई करने वाले की तलाश में जुटी है और बाकी रकम की रिकवरी की कोशिश कर रही है।
ये भी पढ़े: क्रीमिया में रूसी Su-30 फाइटर जेट क्रैश, दोनों पायलट सुरक्षित







