Delhi news: राजधानी दिल्ली में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। द्वारका इलाके में एक गिरोह एक्सपायर हो चुके खाद्य और पेय पदार्थों को दोबारा पैक करके बाजार में बेच रहा था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि ये लोग नामी कंपनियों के एक्सपायर या जल्द एक्सपायर होने वाले प्रोडक्ट्स को सस्ते में खरीदकर उनकी तारीख बदलकर फिर से बाजार में बेच देते थे, जिससे आम लोगों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था।
एक्सपायरी डेट मिटाने का तरीका
क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा के मुताबिक, आरोपी बेहद चालाकी से काम करते थे। वे थिनर का इस्तेमाल कर पैकेट्स पर छपी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट को मिटा देते थे। इसके बाद मशीन की मदद से नई तारीख प्रिंट कर दी जाती थी, जिससे प्रोडक्ट बिल्कुल नया नजर आता था और किसी को शक नहीं होता था।
Delhi news: दोबारा पैक कर सप्लाई का खेल
तारीख बदलने के बाद इन प्रोडक्ट्स को दोबारा पैक किया जाता था और फिर बाजार में सप्लाई के लिए भेज दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, इस तरह के सामान की बड़ी खेप तैयार कर रखी जाती थी, ताकि इसे अलग-अलग दुकानों तक पहुंचाया जा सके। यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग इससे प्रभावित हो सकते थे।
Delhi news: छापेमारी में बड़ा खुलासा
पुलिस को 29 मार्च को गुप्त सूचना मिली थी कि द्वारका के बामनोली गांव में एक अवैध यूनिट चल रही है। इसके आधार पर सेक्टर-28 स्थित गोदाम पर छापा मारा गया, जहां से 3,000 से ज्यादा सॉफ्ट ड्रिंक्स के डिब्बे और बड़ी मात्रा में पैकेट बंद खाद्य सामग्री बरामद हुई। जांच में पाया गया कि इन सभी प्रोडक्ट्स की पैकेजिंग और तारीख में छेड़छाड़ की गई थी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
Delhi news: छापेमारी के दौरान शिवम सिंह और लोकेश कुमार को मौके से गिरफ्तार किया गया, जिन्होंने पूछताछ में मुख्य आरोपी कमल मुदगिल का नाम बताया। बाद में उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSSAI की टीम को भी बुलाया गया, जिसने जांच के बाद फर्जी बैच नंबर और बदली हुई एक्सपायरी डेट वाले सभी सामान को जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
ये भी पढ़े: कुवैत पर ईरानी हमला: पानी के प्लांट पर स्ट्राइक, आम लोगों पर गहराता संकट







