Home » राष्ट्रीय » दिल्ली-NCR की हवा बिगड़ी, 23 शहरों में प्रदूषण का स्तर खराब

दिल्ली-NCR की हवा बिगड़ी, 23 शहरों में प्रदूषण का स्तर खराब

Delhi Pollution

Delhi Pollution: दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 230 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। देश के 23 शहरों में भी वायु गुणवत्ता खराब होने की स्थिति सामने आई है। हरियाणा के मानेसर में सबसे अधिक AQI 289 दर्ज किया गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा और मध्य प्रदेश के सिंगरौली में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली-NCR में प्रदूषण की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

दिल्ली में AQI 230 पर पहुंचा

दिल्ली में गुरुवार को AQI 223 दर्ज किया गया था, जो शुक्रवार को बढ़कर 230 हो गया। इस स्तर पर हवा खराब श्रेणी में मानी जाती है। CPCB के आंकड़ों के अनुसार, देश के 252 शहरों में से 124 शहरों में वायु गुणवत्ता अच्छी या संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई। वहीं, कई शहरों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों को खराब हवा का सामना करना पड़ रहा है।

Delhi Pollution: मानेसर में सबसे ज्यादा प्रदूषण

हरियाणा का मानेसर शुक्रवार को देश के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में शीर्ष पर रहा। यहां AQI 289 दर्ज किया गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा और मध्य प्रदेश के सिंगरौली में AQI 284 रहा। मेरठ में AQI 274 और गजरौला में 272 दर्ज किया गया। इन सभी शहरों में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही।

गुरुवार को पंचगांव में बेहद खराब थी हवा

इससे पहले 22 अक्टूबर को हरियाणा के पंचगांव में AQI 378 दर्ज किया गया था। यह वायु गुणवत्ता की बहुत खराब श्रेणी में आता है। उत्तर प्रदेश के बड़ौत और हापुड़ में भी AQI 328 दर्ज किया गया था। लगातार बढ़ते प्रदूषण के बीच दिल्ली-NCR के आसपास के इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता चिंता का विषय बनी हुई है।

Delhi Pollution: दिल्ली में GRAP-1 लागू

दिल्ली में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 21 अक्टूबर को ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण लागू किया था। इसके तहत निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, सड़कों की मैकेनाइज्ड सफाई और खुले में कचरा जलाने पर रोक लगाने जैसे उपाय शामिल हैं। संबंधित एजेंसियों को इन उपायों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Delhi Pollution: AQI की श्रेणियां क्या बताती हैं?

CPCB के अनुसार, AQI 0 से 50 तक अच्छी, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में आता है। दिल्ली का AQI 230 होने का मतलब है कि यहां हवा खराब श्रेणी में है। प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी के साथ लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। आने वाले दिनों में मौसम और हवा की गति के आधार पर प्रदूषण के स्तर में बदलाव हो सकता है।

ये भी पढ़ें…‘इस्लाम कबूल करूंगा’, MLC चुनाव में रो पड़े सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल; जानिए पूरा मामला