DRUGS MAFIYA: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। इसी सिलसिले में बुधवार को पुलिस ने क्षेत्र के कुख्यात ड्रग तस्कर तारिक हुसैन की लगभग 70 लाख रुपए की अचल संपत्ति जब्त कर ली। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है।
ड्रग्स की कमाई से बनाया मकान कुर्क
आरोपी तारिक हुसैन, निवासी चक (उधमपुर), लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। पुलिस स्टेशन रहम्बल में दर्ज एफआईआर नंबर 135/2025 (धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट) की जांच के दौरान पता चला कि खसरा नंबर 1624/1625 पर बना उसका आलीशान मकान पूरी तरह अवैध ड्रग मनी से खड़ा किया गया है। जांच अधिकारी द्वारा मामले में पर्याप्त सबूत मिलने के बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(एफ) के तहत जब्ती आदेश जारी किया गया। बुधवार सुबह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संपत्ति पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर दीं।
DRUGS MAFIYA: नशे के कारोबार की रीढ़ तोड़ने की रणनीति
उधमपुर पुलिस का कहना है कि ड्रग तस्करों की अवैध संपत्तियों पर प्रहार करना उनकी मुख्य रणनीति है ताकि नशे के इस अवैध धंधे को आर्थिक रूप से कमजोर किया जा सके। पुलिस के अनुसार, तारिक हुसैन युवाओं को नशे की लत में धकेलने का मुख्य खिलाड़ी था। उसकी अवैध कमाई से बनाया गया यह घर अब सरकारी खजाने में जाएगा।
DRUGS MAFIYA: 12.70 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त
उधमपुर पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में अब तक कुल 12.70 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध संपत्ति एनडीपीएस एक्ट के तहत कुर्क की जा चुकी है। इसमें मकान, दुकानें, कृषि भूमि और लग्ज़री गाड़ियां शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि नशे के कारोबार से कमाई गई एक भी पाई अब नहीं छोड़ी जाएगी।
DRUGS MAFIYA: बड़ी कार्रवाई की तैयारी
पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में और बड़े ड्रग तस्करों की संपत्ति को भी कुर्क किया जाएगा। साथ ही, युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा जागरूकता अभियान तेज किए जा रहे हैं, ताकि समाज को इस खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।
ये भी पढ़े.. DELHI BLAST: लाल किला धमाका केस में NIA की बड़ी कार्रवाई तेज, आतंकी को पनाह देने वाला गिरफ्तार







