Gangasagar Mela 2025: बांग्लादेश की वर्तमान स्थिति को देखते हुए सुंदरबन के संवेदनशील जलसीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) और तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड) ने चौकसी बढ़ा दी है। इसी के मद्देनज़र राज्य सरकार ने आगामी गंगासागर मेले को अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित करने का निर्णय लिया है।
15 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती
नवान्न में गंगासागर मेला को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर इस वर्ष मेले में कुल लगभग 15 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती का फैसला लिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। मुख्यमंत्री जनवरी के पहले सप्ताह में स्वयं गंगासागर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेंगी।
Gangasagar Mela 2025: जलमार्ग और घाटों पर कड़ी निगरानी
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले ही सुंदरबन पुलिस जिले के एसपी कोटेश्वर राव ने नामखाना स्टेशन, हतानिया-दोआनिया नदी घाट और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। उनके साथ सागर एसडीपीओ सुमन कांति घोष, नामखाना थाना प्रभारी विभास सरकार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ड्रोन, सीसीटीवी और हेलिकॉप्टर से निगरानी
मेले के दौरान नदी मार्ग में स्पीडबोट और लॉन्च के जरिए गश्त की जाएगी। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन, हेलिकॉप्टर और एयरक्राफ्ट के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखने की योजना बनाई गई है।तटरक्षक बल द्वारा जलमार्ग में छोटे जहाजों और होवरक्राफ्ट भी तैनात किए जाएंगे।
हर घाट पर नाका चेकिंग
सुंदरबन के प्रत्येक घाट पर पुलिस की ओर से लगातार नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने BSF और कोस्ट गार्ड को भी पूरी तरह सतर्क कर दिया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
report by- piyush
ये भी पढ़े… हिंदू समाज देगा जवाब, बयानबाज़ी से नहीं चलेगा एजेंडा: अजय आलोक का विपक्ष पर तीखा हमला







