Ghaziabad News: गाजियाबाद जिले के आईडीसी के गौर सेंट्रल मॉल स्थित एक मल्टीप्लेक्स में फिल्म ‘धुरंधर’ का शो उस समय विवाद का केंद्र बन गया, जब थिएटर प्रबंधन ने फिल्म को बीच में ही रोक दिया। प्रबंधन की ओर से बच्चों की मौजूदगी और फिल्म में कथित आपत्तिजनक भाषा व वयस्क संवादों का हवाला देते हुए शो बंद करने का फैसला लिया गया, लेकिन यह निर्णय दर्शकों को नागवार गुजरा और देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया।
बीच में रोकी फिल्म
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फिल्म शुरू होने के कुछ समय बाद ही अचानक स्क्रीन बंद कर दी गई। इससे दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई। जब लोगों ने इसका कारण पूछा तो थिएटर कर्मचारियों ने बताया कि फिल्म में गाली-गलौज और वयस्क कंटेंट है, जबकि हॉल में अभिभावकों के साथ छोटे बच्चे भी मौजूद हैं। इसी वजह से शो रोकना पड़ा। दर्शकों ने इस दलील पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि फिल्म का कंटेंट बच्चों के लिए उपयुक्त नहीं था, तो टिकट बुकिंग के समय या शो शुरू होने से पहले इसकी स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी गई। कई लोगों ने आरोप लगाया कि न तो टिकट काउंटर पर और न ही प्रवेश के समय कोई चेतावनी दी गई थी। ऐसे में फिल्म बीच में रोकना दर्शकों के साथ अन्याय है।
Ghaziabad News: हाथापाई का वीडियो वायरल
आरोप है कि स्टाफ की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने के कारण बहस और तेज हो गई। कुछ ही देर में माहौल इतना गरमा गया कि धक्का-मुक्की और हाथापाई की नौबत आ गई। इस दौरान कई दर्शकों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में थिएटर कर्मचारी यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि बच्चों की मौजूदगी के कारण शो रोकना मजबूरी थी। स्थिति बिगड़ती देख मॉल की सुरक्षा टीम को हस्तक्षेप करना पड़ा। बाद में पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई, जिसके बाद हालात पर काबू पाया जा सका।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो फुटेज और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद थिएटर प्रबंधन की कार्यप्रणाली, टिकटिंग सिस्टम और कंटेंट की जांच-पड़ताल को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वहीं इस मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं दर्शकों का भरोसा तोड़ती हैं और मल्टीप्लेक्स प्रबंधन को चाहिए कि वह फिल्मों की रेटिंग, कंटेंट और दर्शकों की उम्र को लेकर स्पष्ट और सख्त नियमों का पालन करे, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने।
Report By: विभु मिश्रा
ये भी पढ़े… कातिलों से मुठभेड़: हाईवे पर चली गोलियां, 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश पुलिस ने दबोचे







