Gold Silver Market Update: पिछले दिन जब बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी, वहीं गुरुवार को वैश्विक स्तर पर कमजोर संकेतों के कारण कमोडिटी बाजार पर दबाव पड़ा। इस दौरान मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सोने की कीमत में 1,100 रुपए से अधिक की कमी हुई, जबकि चांदी में लगभग 4,700 रुपए की गिरावट दर्ज की गई।

सोने और चांदी के वायदा भाव में उतार-चढ़ाव
एमसीएक्स पर 5 जून डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र के 1,51,776 रुपए के बंद भाव से 1,129 रुपए गिरकर 1,50,647 रुपए पर खुला। खबर लिखे जाने तक सुबह 11:13 बजे यह 416 रुपए यानी 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,51,360 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, 5 मई डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र के 2,39,918 रुपए के बंद भाव से 4,068 रुपए गिरकर 2,35,850 रुपए पर खुली। इस समय यह 2,968 रुपए यानी 1.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,36,950 रुपए पर कारोबार कर रही थी।

Gold Silver Market Update: कच्चे तेल में तेजी पर असर
वहीं, ब्रेंट क्रूड वायदा में सुबह के समय 3.31 प्रतिशत की तेजी आई और यह 97.89 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। खबर लिखे जाने तक यह 2.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.74 डॉलर प्रति बैरल पर था। अमेरिकी WTI क्रूड पिछले बंद भाव से 3 प्रतिशत बढ़कर 97.4 डॉलर पर कारोबार कर रहा था। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, सोने और चांदी में गिरावट का कारण ईरान द्वारा अमेरिका पर युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने के आरोपों के चलते कच्चे तेल की कीमतों में तेजी है।
दिन के उच्चतम स्तर और बाजार का रुझान
दिन के दौरान सोने का वायदा भाव 3,688 रुपए यानी 2.7 प्रतिशत बढ़कर 1,54,934 रुपए प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया। चांदी का वायदा भाव भी 6 प्रतिशत से अधिक उछलकर 2,46,376 रुपए प्रति किलो के दिन के उच्चतम स्तर तक गया।

विशेषज्ञों का मानना है कि एमसीएक्स गोल्ड हल्के गैप-डाउन के साथ खुला और फिलहाल 1,50,500–1,51,500 रुपए के दायरे में ट्रेड कर रहा है। निचले स्तरों पर खरीदारी में सुधार दिख रहा है, लेकिन तेजी की गति अभी धीमी है और इसकी पुष्टि आवश्यक है। अगर कीमत 1,52,000 रुपए के ऊपर टिकती है, तो तेजी दोबारा मजबूत होकर 1,53,000–1,55,000 रुपए तक जा सकती है। वहीं, 1,50,000 रुपए से नीचे गिरावट आने पर भाव 1,48,000–1,47,000 रुपए तक जा सकते हैं।
एमसीएक्स सिल्वर भी हल्के गैप-डाउन के साथ खुला, लेकिन सेफ-हेवन डिमांड और इंडस्ट्रियल मेटल्स की मजबूती से इसे समर्थन मिला। फिलहाल चांदी की कीमतें 2,36,000 रुपए के आसपास बनी हुई हैं। बाजार में उतार-चढ़ाव ज्यादा है और रुझान सतर्क बना हुआ है। चांदी में 2,40,000–2,43,000 रुपए का रेजिस्टेंस है। यदि यह स्तर टूटता है, तो कीमत 2,45,000–2,47,000 रुपए तक बढ़ सकती है। वहीं, 2,36,000 रुपए के नीचे मजबूत गिरावट आने पर कीमत 2,33,000–2,30,000 रुपए तक जा सकती है।
कुल मिलाकर, वर्तमान बाजार का रुझान हल्का सकारात्मक है, लेकिन मजबूत तेजी के लिए अहम स्तरों पर ब्रेकआउट आवश्यक है।
ये भी पढ़ें: तीन राज्यों में लोकतंत्र का महापर्व शुरू, 296 सीटों पर वोटिंग जारी, कई नेताओं ने डाला वोट..








