Gujarat News: गुजरात के राजकोट स्थित मारवाड़ी यूनिवर्सिटी में निवेशकों को जागरूक करने और वित्तीय साक्षरता बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया। सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में आयोजित रीजनल इन्वेस्टर सेमिनार फॉर अवेयरनेस (RISA) कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और शिक्षकों ने भाग लिया।
क्या है कार्यक्रम का उद्देश्य?
यह कार्यक्रम अप्रैल 2026 में आयोजित किया गया और इसका मुख्य उद्देश्य निवेशकों को जागरूक करना, उनकी वित्तीय समझ को मजबूत बनाना और सुरक्षित निवेश के प्रति प्रेरित करना था। यह पहल सेबी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे निवेशक शिक्षा अभियान का हिस्सा है। कार्यक्रम में सेबी के पूर्णकालिक सदस्य कमलेश चंद्र वार्ष्णेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जोगिन्दर सिंह (वीपी, एनएसई), डॉ आर बी जडेजा, डॉ संजीत सिंह और नरेश जडेजा भी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में कमलेश चंद्र वार्ष्णेय ने निवेश के बुनियादी सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कम्पाउंडिंग की ताकत, अनुशासित और दीर्घकालिक निवेश के महत्व तथा कम उम्र में निवेश शुरू करने के फायदों को समझाया। उन्होंने कहा कि सेबी एक पारदर्शी और मजबूत नियामक ढांचा तैयार करने के लिए लगातार काम कर रहा है, ताकि निवेशकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने डिजिटल निवेश के बढ़ते चलन के बीच सतर्क रहने की भी सलाह दी। इस दौरान उन्होंने SEBI Check जैसे निवेशक-अनुकूल फीचर की जानकारी दी, जिसकी मदद से निवेशक यूपीआई आईडी की जांच, बिचौलियों के बैंक विवरण की पुष्टि और पंजीकृत मार्केट प्रतिभागियों एवं सत्यापित ऐप्स की पहचान कर सकते हैं।
Gujarat News: नकली प्लेटफॉर्म बनाकर निवेशकों को धोखा
फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते खतरे पर चिंता जताते हुए वार्ष्णेय ने कहा कि स्कैमर्स असली ऐप्स की तरह दिखने वाले नकली प्लेटफॉर्म बनाकर निवेशकों को धोखा दे रहे हैं। इस समस्या से निपटने के लिए सेबी ने गूगल के साथ मिलकर एक पहल शुरू की है, जिसके तहत भारत में सेबी में पंजीकृत सभी स्टॉक ट्रेडिंग ऐप्स को गूगल प्ले स्टोर पर “वेरिफाइड” बैज दिया जा रहा है। इससे निवेशकों को असली और नकली ऐप्स के बीच फर्क करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान जोगिन्दर सिंह ने एम्पोवेरिंग इन्वेस्टर्स: इन्वेस्टिंग इन सिक्योरिटीज मार्केट एंड इन्वेस्टर प्रोटेक्शन विषय पर एक इंटरैक्टिव सत्र भी लिया। इस सत्र में प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और निवेश से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
इस सेमिनार में 500 से अधिक छात्रों और शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को सुरक्षित निवेश, धोखाधड़ी से बचाव और एक जिम्मेदार डिजिटल निवेशक बनने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। यह पहल निवेशकों को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
ये भी पढ़े… BCCI ने पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर ठोका 24 लाख का जुर्माना, जानें क्या है वजह?







