Hapur News: हापुड़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 20 दिन पहले दफनाए गए युवक का शव गुरुवार को कब्र से बाहर निकाला गया। जिलाधिकारी के आदेश पर यह कार्रवाई अमजद नामक युवक की संदिग्ध मौत की जांच के लिए की गई। मृतक के परिवार वालों ने इस केस में न्याय की गुहार लगाई है जिसके बाद प्रशासन ने दुबारा पोस्टमार्टम करवाने का फैसला किया।
हैदराबाद के एक गोदाम में हुई थी मौत
दरअसल, हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी अमजद की 28 नवंबर को हैदराबाद के एक गोदाम में रहस्यमय हालातों में मौत हो गई थी। मृतक के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान पाए गए थे। इसके बावजूद गोदाम स्वामी और उसके दो साथी अमजद का शव लेकर हापुड़ पहुंचे और परिजनों को यह कहकर शांत कराया कि अमजद की मौत किसी झगड़े में चोट लगने से हुई है। साथ ही उन्होंने तनख्वाह और आर्थिक मदद देने का वादा भी किया जिस पर भरोसा करके परिवार ने बिना शिकायत किए अमजद को सुपुर्द-ए-ख़ाक कर दिया। लेकिन मामला तब पलट गया जब परिजनों को गोदाम मालिक की नीयत पर शक हुआ। तनख्वाह और वादे के मुताबिक मदद न मिलने पर अमजद के बड़े भाई गालिब खां ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी। गालिब खां ने आरोप लगाया कि उनका भाई बीते 10 वर्षों से बुलंदशहर रोड निवासी एक कारोबारी के यहां काम करता था जो देशभर में पत औझड़ी (ओमासम) का कारोबार करता है।
Hapur News: अमजद पर किया था हमला
गालिब के मुताबिक, हैदराबाद स्थित गोदाम में 28 नवंबर को जब पत औझड़ी का ट्रक उतारा जा रहा था, तब अमजद ने ट्रक में चोरी का माल देख लिया और इसकी सूचना अपने मालिक को दे दी। इसी बात से नाराज गोदाम स्वामी और उसके दो सहयोगियों ने अमजद पर बेरहमी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अमजद को वे हापुड़ लेकर आए और यह कह कर गुमराह किया कि उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार को दिखाए गए कागज़ बाद में फर्जी पाए गए। परिवार ने बताया कि जब उन्होंने तनख्वाह और मदद की बात दोहराई तो आरोपियों ने उल्टा अमजद पर ही चोरी का आरोप लगा दिया। तभी से परिवार का संदेह और गहराता गया।
जिलाधिकारी के आदेश पर कब्र से निकला शव
गुरुवार को जिलाधिकारी के आदेश पर एसडीएम ईला प्रकाश, सीओ वरुण मिश्रा कोतवाल देवेंद्र सिंह बिष्ट और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खोलकर शव निकाला गया। सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को मेडिकल कॉलेज भेजा गया जहां उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। साथ ही पूरे मामले की जांच स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम कर रही है। मामले में सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच जारी है और गोदाम स्वामी समेत संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़े… पति के दूसरा निकाह से टूटी हिना, DM दफ्तर में फूट-फूटकर रोई, बोली ‘ससुराल भेजो या दो इच्छा मृत्यु की अनुमति’








