Home » उत्तर प्रदेश » हापुड़ पुलिस लाइन में तैनात सिपाही ने खाया जहर, खबर मिलते ही महकमे में मचा हड़कंप

हापुड़ पुलिस लाइन में तैनात सिपाही ने खाया जहर, खबर मिलते ही महकमे में मचा हड़कंप

Hapur news
Hapur news

Hapur News: हापुड़ पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मृतक सिपाही की पहचान सुधीर के रूप में हुई है, जो जनपद मैनपुरी का निवासी था। सुधीर हापुड़ पुलिस लाइन में चालक (ड्राइवर) के पद पर तैनात था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को वह महिला थाने में ड्यूटी पर आया था। शुक्रवार दोपहर के समय अचानक उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।

उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे साथी

घटना की जानकारी मिलते ही साथी पुलिसकर्मी उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। सिपाही द्वारा जहर खाने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

Hapur News: शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

मामले में सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि मृतक ड्राइवर हाल ही में छुट्टी से वापस लौटा था। प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत या मानसिक तनाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने जहर क्यों और किन परिस्थितियों में खाया। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू की पड़ताल की जाएगी।

ये भी पढ़े… संभल में SP का सख्त एक्शन, थाना प्रभारी को किया निलंबित, वजह जान उड़ जाएंगे होश…