Home » Uncategorized » ताले में कैद एक घर, चुप्पी में डूबा मोहल्ला हैदराबाद पहुंची सिडनी हमले की आंच

ताले में कैद एक घर, चुप्पी में डूबा मोहल्ला हैदराबाद पहुंची सिडनी हमले की आंच

ताले में कैद एक घर, चुप्पी में डूबा मोहल्ला हैदराबाद पहुंची सिडनी हमले की आंच

Hyderabad News: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में बॉन्डी बीच पर हुए खौफनाक हमले की गूंज अब भारत तक पहुंच चुकी है। जांच के दौरान सामने आया कि हमले का मुख्य आरोपी साजिद अकरम हैदराबाद का मूल निवासी था। जैसे ही यह जानकारी सामने आई, तेलंगाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की नजर उसके पैतृक घर पर गई, लेकिन वहां का मंजर चौंकाने वाला था दरवाजे पर ताला, अंदर कोई नहीं और पूरे इलाके में अजीब सी खामोशी।

Hyderabad News: कौन था साजिद अकरम, कैसे जुड़ा हैदराबाद से?

साजिद अकरम का जन्म हैदराबाद में हुआ था। उसने यहीं से बीकॉम की पढ़ाई पूरी की और 1998 में रोजगार की तलाश में ऑस्ट्रेलिया चला गया। वहीं उसने शादी की और स्थायी रूप से बस गया। उसके दो बच्चे हैं, जो ऑस्ट्रेलिया में ही पैदा हुए और वहीं के नागरिक हैं। साजिद लंबे समय तक भारतीय पासपोर्ट का इस्तेमाल करता रहा, लेकिन बीते कई वर्षों में उसका भारत आना-जाना बेहद सीमित रहा। पुलिस के अनुसार, भारत छोड़ने से पहले साजिद का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। पिछले करीब 27 वर्षों में उसका अपने हैदराबाद स्थित परिवार से संपर्क भी लगभग खत्म हो चुका था।

Hyderabad News: पैतृक घर पर ताला, परिवार पूरी तरह खामोश

साजिद का पैतृक घर हैदराबाद के टोली चौकी इलाके की अल हसनथ कॉलोनी में स्थित है। कुछ साल पहले संपत्ति से जुड़े मामलों के बाद उसके बड़े भाई ने इस घर की जिम्मेदारी संभाली थी। लेकिन सिडनी हमले की खबर सामने आने के बाद परिवार ने खुद को पूरी तरह अलग कर लिया। घर बंद है और कोई भी सदस्य मीडिया या सार्वजनिक रूप से कुछ कहने को तैयार नहीं है। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि उन्हें साजिद या उसके बेटे की किसी भी तरह की कट्टर सोच या गतिविधियों की कोई जानकारी नहीं थी। उनका कहना है कि साजिद सालों से परिवार से दूर था।

सिडनी में क्या हुआ था?

14 दिसंबर 2025 को सिडनी के बॉन्डी बीच इलाके में एक धार्मिक आयोजन के दौरान गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए। ऑस्ट्रेलियाई एजेंसियों ने इसे आतंकी हमला बताया है। पुलिस कार्रवाई में साजिद की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। जांच के दौरान उनके वाहन से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की बात कही गई है।तेलंगाना पुलिस ने साफ किया है कि इस घटना की साजिश या तैयारी का भारत से कोई संबंध नहीं है और पूरी जांच ऑस्ट्रेलियाई एजेंसियों द्वारा की जा रही है। लोगों से अफवाहें न फैलाने की अपील भी की गई है।

Hyderabad News: सवाल बाकी हैं, जवाब नहीं

हैदराबाद में साजिद का घर आज भी बंद है। न परिवार सामने आ रहा है, न मोहल्ले में कोई चर्चा करना चाहता है। यह मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि वर्षों दूर रह रहे किसी व्यक्ति की सोच और रास्ते का अंदाजा उसके पीछे छूटे घर या परिवार से लगाना कितना मुश्किल होता है।

ये भी पढ़े: बेंगलुरु में दिल दहला देने वाला हादसा: सड़क पर मदद मांगती पत्नी, हार्ट अटैक से पति की मौत