Home » राष्ट्रीय » भारतीय रेलवे का ऐतिहासिक रिकॉर्ड: ब्रॉड गेज नेटवर्क का 99.2% विद्युतीकरण पूरा

भारतीय रेलवे का ऐतिहासिक रिकॉर्ड: ब्रॉड गेज नेटवर्क का 99.2% विद्युतीकरण पूरा

Indian Railway

Indian Railway: भारतीय रेलवे ने रेल विद्युतीकरण के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मिशन मोड में किए गए प्रयासों के चलते अब देश के 99.2 प्रतिशत ब्रॉड गेज (बीजी) रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। यह आंकड़ा ब्रिटेन, रूस और चीन जैसे कई विकसित देशों से कहीं आगे है।

वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत स्थिति

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में बताया कि भारतीय रेलवे का विद्युतीकरण कार्य अब वैश्विक मानकों पर एक उदाहरण बन चुका है। जहां ब्रिटेन में केवल 39 प्रतिशत, रूस में 52 प्रतिशत और चीन में 82 प्रतिशत रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण हुआ है, वहीं भारत 99 प्रतिशत से अधिक के स्तर पर पहुंच गया है।

Indian Railway: तेजी से बढ़ा विद्युतीकरण कार्य

रेल मंत्री के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में 7,188 किलोमीटर और 2024-25 में 2,701 किलोमीटर रेलवे मार्ग का विद्युतीकरण किया गया। साथ ही, सभी नई लाइन और मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को अब विद्युतीकरण के साथ ही स्वीकृति और निर्माण किया जा रहा है।

पूर्वोत्तर राज्यों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण

अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा और मिजोरम जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में ब्रॉड गेज नेटवर्क का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। वहीं असम में 92 प्रतिशत नेटवर्क का विद्युतीकरण हो गया है और शेष कार्य तेजी से जारी है।

Indian Railway: सुरक्षा, डिजिटल सुविधा और हरित ऊर्जा पर जोर

भारतीय रेलवे सतत विकास के तहत सौर और पवन ऊर्जा जैसे नवीकरणीय स्रोतों के उपयोग को बढ़ावा दे रहा है, जिससे कार्बन फुटप्रिंट में कमी आएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए 6,117 रेलवे स्टेशनों पर मुफ्त वाई-फाई सेवा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 1,731 स्टेशनों और 11,953 कोचों में सीसीटीवी निगरानी प्रणाली स्थापित की जा चुकी है।

ये भी पढ़ें…दिल्ली बॉर्डर स्थित टोल टैक्स पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, वसूली पर लगाई रोक