IPL 2026: आईपीएल 2026 का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें अपने दूसरे खिताब की तलाश में मैदान पर उतरेंगी। मुकाबले से पहले गुजरात और कर्नाटक समेत कई राज्यों में प्रशंसकों के बीच उत्साह चरम पर है। अपनी पसंदीदा टीम की जीत के लिए लोग पूजा-पाठ, हवन और विशेष अनुष्ठान कर रहे हैं।
फाइनल मुकाबले को लेकर बढ़ा उत्साह
फाइनल मुकाबले से पहले अहमदाबाद में क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ देखने को मिली। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रशंसक हवाई अड्डे और शहर के अन्य स्थानों पर अपनी पसंदीदा टीमों की जर्सी, झंडे और अन्य सामग्री खरीदते नजर आए। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग अपने अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण मुकाबले तक पहुंच चुकी है तथा दोनों टीमों ने पूरे सत्र में शानदार प्रदर्शन किया है।
IPL 2026: कर्नाटक में आरसीबी की जीत के लिए विशेष अनुष्ठान
कर्नाटक में आरसीबी समर्थकों का उत्साह आस्था में बदलता दिखाई दिया। हुबली में कर्नाटक ड्राइवर्स यूनियन ने टीम की जीत के लिए विशेष पूजा का आयोजन किया। यूनियन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि बेंगलुरु की टीम इस बार खिताब जीतने में सफल होगी। विजयनगर में भी समर्थकों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना और पारंपरिक हवन कर टीम की सफलता की कामना की। प्रशंसकों के बीच “ई साला मत्तम्मे नमदे” का नारा लगातार गूंजता रहा।
श्रद्धांजलि के साथ जिम्मेदार जश्न की अपील
विजयनगर क्रिकेट एसोसिएशन ने पूजा कार्यक्रम के दौरान उन 11 क्रिकेट प्रेमियों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की, जिनकी पिछले वर्ष जश्न के दौरान हुई भगदड़ में मृत्यु हो गई थी। एसोसिएशन ने सभी प्रशंसकों से जिम्मेदारी के साथ जश्न मनाने की अपील की। समर्थकों ने कहा कि टीम की जीत की कामना के साथ-साथ सुरक्षा और अनुशासन का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
IPL 2026: गुजरात में घरेलू समर्थन, मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद
गुजरात टाइटंस को अपने घरेलू मैदान का लाभ मिलने की उम्मीद है। बड़ी संख्या में स्थानीय समर्थक स्टेडियम पहुंच रहे हैं। वहीं आरसीबी की लोकप्रियता पूरे देश में फैली हुई है। ऐसे में फाइनल मुकाबले को लेकर रोमांच अपने चरम पर है और क्रिकेट प्रेमियों को एक यादगार मुकाबले की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें…Yogi: योगी सरकार का नशे के खिलाफ अभियान तेज, स्कूलों से गांवों तक जनजागरण








