Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » कुलदीप सेंगर की जमानत पर सियासी घमासान, सपा ने पीड़िता की सुरक्षा पर जताई चिंता,सीएम योगी से संज्ञान लेने की मांग

कुलदीप सेंगर की जमानत पर सियासी घमासान, सपा ने पीड़िता की सुरक्षा पर जताई चिंता,सीएम योगी से संज्ञान लेने की मांग

Spread the love

Kuldeep Sengar Bail News: उन्नाव रेप केस में दोषी ठहराए जा चुके पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने इस फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है।

राज्य सरकार पीड़िता को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराएगी

सपा सांसद राजीव कुमार राय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह मामला केवल कानूनी नहीं, बल्कि पीड़िता की सुरक्षा और न्याय से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, “पहले भी यह साबित हो चुका है कि तत्कालीन समय में कुलदीप सेंगर को किस तरह राजनीतिक संरक्षण मिला था। ऐसे में जमानत के बाद पीड़िता और उसका परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार पीड़िता को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराएगी और अदालत भी इस पहलू पर गंभीरता से विचार करेगी।

Kuldeep Sengar Bail News: सपा विधायकों की चिंता

सपा विधायक जाहिद बेग ने कहा कि चूंकि यह हाईकोर्ट का फैसला है, इसलिए उस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है, लेकिन पीड़िता को सुरक्षा और न्याय मिलना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यदि पीड़िता डरी हुई है, तो मुख्यमंत्री को स्वतः संज्ञान लेना चाहिए।

वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि न्यायालय का फैसला सर्वोपरि है। सपा विधायक आरके वर्मा ने भी पीड़िता के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Kuldeep Sengar Bail News: क्या है मामला

दिल्ली हाईकोर्ट ने 2017 के उन्नाव रेप केस में दोषी करार दिए गए कुलदीप सिंह सेंगर को उनकी सजा के खिलाफ दायर अपील लंबित रहने तक जमानत दे दी है। अदालत ने उनकी उम्रकैद की सजा पर भी फिलहाल रोक लगा दी है। यह फैसला जस्टिस सुब्रमण्यम प्रसाद और जस्टिस हरीश वैद्यनाथन शंकर की पीठ ने सुनाया।

हालांकि, पीड़िता ने इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सुप्रीम कोर्ट जाने का ऐलान किया है। राजनीतिक गलियारों में इस जमानत को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं।

ये भी पढ़े… योगी सरकार में मदरसों की पढ़ाई से मोहभंग, 10 साल में 80% तक गिरी छात्रों की संख्या,आंकड़े, कारण और पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments