Home » उत्तर प्रदेश » लखीमपुर खीरी में कस्ता-भीखमपुर मार्ग पर मौत का ‘गड्ढा’, धंसी पुलिया दे रही बड़े हादसे को दावत

लखीमपुर खीरी में कस्ता-भीखमपुर मार्ग पर मौत का ‘गड्ढा’, धंसी पुलिया दे रही बड़े हादसे को दावत

Lakhimpur Kheri
Lakhimpur Kheri

Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जनपद के मितौली तहसील अंतर्गत कस्ता-भीखमपुर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (PWD) की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। इस मुख्य मार्ग पर बनी एक पुलिया अचानक बीचों-बीच धंस गई है, जिससे सड़क के मध्य एक गहरा और खतरनाक गड्ढा (होल) हो गया है। यह गड्ढा अब राहगीरों के लिए ‘मौत का जाल’ बनता जा रहा है, लेकिन शिकायत के बावजूद संबंधित विभाग गहरी नींद में सोया हुआ है।

ओवरलोडिंग ने तोड़ी सड़क की कमर

भीखमपुर मार्ग पर पुलिया धंसने का मुख्य कारण मानकों के विपरीत दौड़ रहे वाहन बताए जा रहे हैं। वर्तमान में गन्ने का सीजन होने के कारण इस मार्ग पर क्षमता से अधिक ऊँचाई तक लदे ओवरलोड गन्ना ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली दिन-रात फर्राटा भर रहे हैं। भारी वाहनों के लगातार दबाव के चलते कमजोर हो चुकी पुलिया बीच से धंस गई। सड़क के ठीक बीचों-बीच छेद होने के कारण वाहन चालकों को दूर से इसका अंदाजा नहीं लग पाता, जो किसी भी समय एक भीषण दुर्घटना का सबब बन सकता है।

सड़क के बीच बने इस गड्ढे से सबसे अधिक खतरा दोपहिया वाहन चालकों को है। रात के अंधेरे या कोहरे के दौरान यदि किसी बाइक सवार का पहिया इस गड्ढे में गया, तो उसका बचना नामुमकिन होगा। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बाइक सवार गिरते-गिरते बचे हैं। स्थानीय लोगों ने खतरे को देखते हुए गड्ढे के पास संकेतक के रूप में कुछ झाड़ियाँ और पत्थर तो रखे हैं, लेकिन यह कोई स्थाई समाधान नहीं है।

Lakhimpur Kheri: प्रशासन और विभाग की बेरुखी

हैरानी की बात यह है कि इस व्यस्त मार्ग की खराब हालत की जानकारी होने के बाद भी मितौली पुलिस और लोक निर्माण विभाग (PWD) ने अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया है। न तो विभाग ने मरम्मत का कार्य शुरू कराया है और न ही सुरक्षा की दृष्टि से वहां कोई बैरिकेडिंग की गई है। अधिकारियों की यह बेरुखी स्थानीय नागरिकों में आक्रोश पैदा कर रही है। भीखमपुर और कस्ता क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही इस धंसी हुई पुलिया की मरम्मत नहीं की गई, तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। लोगों का आरोप है कि विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है। गन्ने के सीजन में ट्रैफिक का दबाव और अधिक है, जिससे खतरा हर मिनट बढ़ रहा है।

Report BY: संजय कुमार 

ये भी पढ़े… मोहम्मदी में ‘मौत’ बनकर दौड़ रहे ओवरलोड ट्रकों पर चला प्रशासन का डंडा, कई सीज