Late Night Sleep: आजकल सभी में देर रात तक जागने की आदत बहुत ही आम हो गई है। हम सभी अक्सर सुनते आए हैं कि एक अच्छी दिनचर्या होना कितना आवश्यक है। यानी कि रात में समय से सोना और सुबह समय से उठना हमारी सेहत के लिए कितना जरूरी है। फिर भी हम अक्सर इसके दुष्प्रभावों को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन हाल ही में हुए एक नए शोध ने इस आदत को लेकर खतरे की घंटी बजा दी है।
क्या कहता है नया शोध?
‘फ्रंटियर्स इन न्यूट्रिशन’ जर्नल में हाल ही में एक शोध प्रकाशित हुआ है। इस स्टडी में यह साफ तौर पर सामने आया है कि जो लोग रात में देर तक जागते हैं और उस दौरान अधिक एनर्जी, कार्बोहाइड्रेट और फैट वाली चीजें खाते हैं, उनके शरीर में गंभीर बदलाव आ सकते हैं। ऐसे लोगों में ब्लड शुगर का स्तर बढ़ना, मोटापा बढ़ना, लिपिड लेवल अधिक होना जैसी कई समस्याएं देखी जाती हैं।
सामने आई है एक और नई बात
अध्ययन में एक दिलचस्प बात यह भी सामने आई कि सुबह जल्दी उठने वाले लोग और देर रात तक जागने वाले लोग—दोनों ही दिनभर में लगभग एक जैसी ही मात्रा में खाना या एनर्जी लेते हैं। यानी, दोनों की खुराक में बहुत अंतर नहीं होता। असल समस्या यह है कि आप किस समय खा रहे हैं। सही समय पर भोजन न करना ही इस पूरी समस्या की असली जड़ है।
महिलाओं में देखा गया यह पैटर्न
इस नतीजे तक पहुंचने के लिए शोधकर्ताओं ने 18 से 45 साल की उम्र की 287 महिलाओं को अपने अध्ययन में शामिल किया था, जिसमें कई हैरान करने वाले पैटर्न सामने आए।
सुबह कम आहार: जो महिलाएं देर रात तक जागती थीं, उनमें सुबह के वक्त कम एनर्जी और कम प्रोटीन वाला भोजन लेने की संभावना काफी ज्यादा देखी गई।
रात में अनहेल्दी खान-पान: सुबह कम खाने की भरपाई ये महिलाएं अक्सर रात में करती थीं। वे देर रात में ज्यादा एनर्जी, अधिक कार्बोहाइड्रेट और फैट से भरपूर चीजें खाती पाई गईं।
पोषक तत्वों की कमी: शाम और रात के समय ज्यादा एक्टिव रहने वाली महिलाओं ने उन महिलाओं (जो सुबह या दिन के बीच में एक्टिव रहती हैं) की तुलना में कम माइक्रोन्यूट्रिएंट और कम एनर्जी वाले खाद्य पदार्थों का सेवन किया।
Written By – Anushka








