Lpg crisis: देश में एलपीजी सिलेंडर को लेकर बढ़ती मारामारी की खबरों के बीच केंद्र सरकार ने गैस बुकिंग और डिलीवरी के नियमों में अहम बदलाव किए हैं। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को संसद में बताया कि अब शहरों और ग्रामीण इलाकों में सिलेंडर बुकिंग के बीच तय अंतराल रखना होगा। साथ ही डिलीवरी के लिए वन-टाइम कोड यानी OTP सिस्टम को भी सख्ती से लागू किया जा रहा है ताकि काला बाजारी और हेरफेर रोकी जा सके।
शहर और गांव के लिए अलग-अलग नियम
सरकार के नए नियमों के मुताबिक अब शहरी इलाकों में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के बीच कम से कम 25 दिन का अंतर रखना होगा। वहीं ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में यह अंतराल 45 दिन कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि कई जगहों पर लोग घबराहट में जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक कर रहे थे और कुछ डिस्ट्रीब्यूटर स्तर पर भी सिलेंडर जमा करने की शिकायतें मिल रही थीं। हालांकि सरकार का दावा है कि सप्लाई में कोई बड़ी कमी नहीं है और अभी भी घरेलू सिलेंडर की औसत डिलीवरी लगभग 2.5 दिन में हो रही है।
Lpg crisis: OTP के बिना नहीं मिलेगी गैस
सरकार अब डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) सिस्टम को और मजबूत कर रही है। इसके तहत सिलेंडर की डिलीवरी तभी पूरी मानी जाएगी जब ग्राहक अपने मोबाइल पर आए वन-टाइम कोड (OTP) को डिलीवरी बॉय को बताएगा। फिलहाल यह सिस्टम करीब 50% उपभोक्ताओं पर लागू है, जिसे बढ़ाकर 90% तक किया जा रहा है। इससे फर्जी डिलीवरी और गैस की गलत सप्लाई पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
Lpg crisis: कमर्शियल LPG पर भी सख्ती
काला बाजारी रोकने के लिए कमर्शियल एलपीजी पर भी नई लिमिट तय की गई है। तेल कंपनियां अब कमर्शियल गैस की औसत मासिक मांग का सिर्फ 20% हिस्सा ही आवंटित करेंगी। सरकार का कहना है कि इसका मकसद होटल और रेस्टोरेंट को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि जमाखोरी को रोकना है। कमर्शियल गैस बिना सब्सिडी के बिकती है और इसकी बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।
सरकार का दावा: उत्पादन बढ़ाया गया
सरकार ने बताया कि पिछले 5 दिनों में एलपीजी उत्पादन में 28% की बढ़ोतरी की गई है। रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं और अतिरिक्त गैस की खरीद भी की जा रही है। सरकार का कहना है कि देश के 33 करोड़ से ज्यादा परिवारों की रसोई तक गैस की सप्लाई बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को गैस की सप्लाई प्राथमिकता के आधार पर दी जा रही है।
Lpg crisis: कीमतों पर भी सरकार का दावा
सरकार के मुताबिक फिलहाल बिना सब्सिडी वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 913 रुपए में मिल रहा है, जबकि अंतरराष्ट्रीय कीमतों के हिसाब से इसकी कीमत करीब 987 रुपए होनी चाहिए थी। सरकार ने दावा किया कि वैश्विक कीमतों का पूरा बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला गया और कुछ खर्च खुद वहन किया गया है।
पड़ोसी देशों से भारत में सस्ती गैस
Lpg crisis: केंद्रीय मंत्री के अनुसार पड़ोसी देशों की तुलना में भारत में एलपीजी अभी भी सस्ती है। पाकिस्तान में सिलेंडर करीब 1046 रुपए, श्रीलंका में 1242 रुपए और नेपाल में करीब 1208 रुपए का पड़ता है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में LPG संकट: गैस एजेंसियों पर पुलिस तैनात, कालाबाजारी पर सख्त नजर







