Breaking News
Home » राजनीति » कांग्रेस-सपा के बीच दबदबे की जंग शुरू, सीटों को लेकर मचेगा घमासान

कांग्रेस-सपा के बीच दबदबे की जंग शुरू, सीटों को लेकर मचेगा घमासान

Lucknow: कांग्रेस-सपा के बीच दबदबे की जंग शुरू, सीटों को लेकर मचेगा घमासान
Lucknow:  उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027  को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच दबदबे की जंग शुरू हो चुकी है। इंडिया गठबंधन का हिस्सा होने के नाते दोनों पार्टियां राज्य में मिलकर चुनाव लड़ेंगी, लेकिन नेताओं के तेवर बता रहे हैं कि सीटों का बंटवारा मुश्किलें खड़ी कर देगा। अब यह बाद की बात है कि सीटों का बंटवारा किस तरीके से होता है, लेकिन फिलहाल दोनों पार्टियों की ओर से जुबानी जंग शुरू हो चुकी है। नेता भूल रहे हैं कि इंडिया ब्लॉक दिल्ली में बैठक कर एकजुट होने का संदेश देने की कोशिश कर रहा है, तो हम अभी से क्यों बयानबाजी करें।

अजय राय बोले- कांग्रेस बरगद का पेड़

कांग्रेस नेता अपनी बयानबाजी में साफ संकेत दे रहे हैं कि इस बार वे यूपी में पहले से ज्यादा सीटें मांगेंगे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कांग्रेस को बरगद का पेड़ बताते हुए कहा कि क्षेत्रीय दलों को कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ना चाहिए। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस बरगद का पेड़ है, जिसे कोई न तो उखाड़ सकता है और न ही कमजोर कर सकता है। क्षेत्रीय दलों को कांग्रेस का साथ देना चाहिए और कांग्रेस ही उन्हें छाया दे सकती है।

Lucknow: सपा नेता उदयवीर ने किया पलटवार

कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय  ने अपनी बात पूरी की ही थी कि समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने भी पलटवार करने में देरी नहीं की।
उदयवीर सिंह ने कहा कि अजय राय जो भी कह रहे हैं, वह उनके विचार हैं और कांग्रेस की अपनी समस्या है। समाजवादी पार्टी इंडिया ब्लॉक का हिस्सा है। बैठक में इसके बड़े नेता शामिल हुए थे, उनके बीच जो भी बातें हुईं, वे अधिक महत्वपूर्ण हैं। उसी बातचीत के हिसाब से आगे की रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वे इधर-उधर की बातचीत में विश्वास नहीं रखते और इंडिया ब्लॉक के नेताओं को भी नियमों का पालन करना होगा।

Lucknow:  ज्यादा सीटें मांगेगी कांग्रेस

गौरतलब है कि हाल में कांग्रेस-सपा के बीच गठबंधन की चर्चा पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद भी संकेत दे चुके हैं कि इस बार राज्य में कांग्रेस पहले की तुलना में ज्यादा सीटों पर दावेदारी करेगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन बराबरी का होता है। कांग्रेस को उचित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाना चाहिए। प्रदेश में पार्टी की स्थिति बेहतर होनी चाहिए। 
 बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश में सपा के साथ गठबंधन को लेकर कांग्रेस एक सर्वे भी करवा रही है।

ये भी पढ़ें….टीएमसी की याचिका पर कल होगी सुनवाई