Maharashtra Election Results: महाराष्ट्र नगर पंचायत और नगर परिषद चुनाव में महायुति की प्रचंड जीत पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि नतीजों से स्पष्ट हो गया कि जनता विकास और सुशासन की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है।
राजनाथ सिंह ने जताई खुशी
रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश के लोकल बॉडी चुनावों के नतीजों से पता चलता है कि भारत की जनता सुशासन और विकास की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है, जो भाजपा की पहचान है। मुझे पीएम नरेंद्र मोदी की लीडरशिप पर पूरा भरोसा है। महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश के लोगों को उनके समर्थन के लिए और पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत के लिए धन्यवाद।”
Maharashtra Election Results: प्रधानमंत्री मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘एक्स’ पर लिखा कि महाराष्ट्र विकास के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने भाजपा और महायुति को आशीर्वाद देने के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभार जताया। मोदी ने कहा कि यह जन-केंद्रित विकास के उनके दृष्टिकोण में विश्वास को दर्शाता है और राज्यभर के नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नई ऊर्जा के साथ काम करने का संकल्प लिया जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दी बधाई
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लिखा कि महाराष्ट्र में नगर पंचायत और नगर परिषद चुनाव में महायुति की ऐतिहासिक जीत के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, एनडीए के सदस्यों और प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ताओं को बधाई। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जनता का अटूट समर्थन दर्शाती है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा ऐतिहासिक जीत
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चुनाव परिणामों के बाद कहा कि 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों में भाजपा का प्रदर्शन ऐतिहासिक जनादेश है। फडणवीस ने इसे पिछले 20 से 25 वर्षों के स्थानीय निकाय चुनावों में अभूतपूर्व जीत बताया।
ये भी पढ़े… यूपी विधानसभा में कोडीन सिरप विवाद, सपा विधायकों का हंगामा







