Maharashtra news: मुंबई के घाटकोपर पूर्व इलाके से एक विवादित मामला सामने आया है। यहां भाजपा विधायक पराग शाह पर यातायात नियमों का उल्लंघन कर गलत दिशा में रिक्शा चला रहे एक चालक को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। यह घटना वल्लभबाग लेन स्थित खाऊगली क्षेत्र की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि विधायक इलाके में मिल रही नागरिक शिकायतों के बाद निरीक्षण के लिए पहुंचे थे।
जाम और अवैध कब्जों की शिकायत
दरअसल, स्थानीय लोगों की ओर से लगातार शिकायतें की जा रही थीं कि दुकानदारों और फेरीवालों ने फुटपाथ पर कुर्सियां और बेंच लगाकर अवैध कब्जा कर रखा है। इससे पैदल चलने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं महात्मा गांधी मार्ग पर गलत दिशा में वाहनों के चलने से ट्रैफिक जाम की समस्या भी गंभीर होती जा रही थी।
Maharashtra news: निरीक्षण के दौरान हुआ विवाद
इन्हीं शिकायतों के मद्देनज़र भाजपा विधायक पराग शाह इलाके का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक रिक्शा चालक गलत दिशा में वाहन चलाता हुआ नजर आया। आरोप है कि विधायक ने रिक्शा चालक को रोका और इसी दौरान उनके बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद विधायक ने चालक को थप्पड़ मार दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विपक्ष ने उठाए सवाल
Maharashtra news: वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। विपक्षी दलों ने विधायक पराग शाह के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का काम है, न कि किसी जनप्रतिनिधि का। विपक्ष का आरोप है कि विधायक ने कानून अपने हाथ में लिया है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में विधायक पर भी वही कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, जैसी आम नागरिक पर होती है। फिलहाल इस पूरे मामले पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में शरीफ उस्मान हादी को अंतिम विदाई, हजारों लोगों ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि






