Home » राष्ट्रीय » डोंबिवली अस्पताल में डॉक्टरों से मारपीट, नगरसेवक गिरफ्तार

डोंबिवली अस्पताल में डॉक्टरों से मारपीट, नगरसेवक गिरफ्तार

Maharashtra

Maharashtra: महाराष्ट्र के डोंबिवली स्थित शास्त्रीनगर सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने शिवसेना (शिंदे गुट) के नगरसेवक रमेश म्हात्रे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें उनके आवास से हिरासत में लिया। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ है। घटना के बाद डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखी गई, जबकि विपक्ष ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

NICU में बेड नहीं मिलने से शुरू हुआ विवाद

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए भर्ती किया गया था, जहां उसका सफलतापूर्वक सिजेरियन ऑपरेशन किया गया। जन्म के बाद नवजात शिशु की गर्भनाल उसके गले में दो बार लिपटी हुई थी, जिसके कारण उसे विशेष चिकित्सा निगरानी की आवश्यकता थी। लेकिन अस्पताल की नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) के सभी बेड पहले से भरे हुए थे। ऐसे में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सृष्टि बाविस्कर और डॉ. वैभव सालुंखे ने परिजनों को शिशु को किसी अन्य अस्पताल में स्थानांतरित करने की सलाह दी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ।

Maharashtra: समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचने का आरोप

आरोप है कि विवाद के बाद नगरसेवक रमेश म्हात्रे अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों सहित अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस घटना से अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया। मारपीट की खबर फैलते ही स्वास्थ्य कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके कारण कई सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी सेवाएं भी प्रभावित हुईं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी।

पीड़ित डॉक्टर के परिवार ने जताई चिंता

मारपीट का शिकार हुईं डॉ. सृष्टि बाविस्कर के माता-पिता महेंद्र बाविस्कर और संगीता बाविस्कर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं युवा डॉक्टरों का मनोबल तोड़ देती हैं। उनका कहना था कि यदि जनप्रतिनिधि ही कानून अपने हाथ में लेने लगेंगे तो समाज में अनुशासन बनाए रखना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी इस घटना से मानसिक रूप से बेहद आहत है और फिलहाल वह अपनी नौकरी जारी रखने को लेकर असमंजस में है।

Maharashtra: विपक्ष का हमला, पुलिस की जांच जारी

घटना के बाद विपक्षी दलों ने राज्य सरकार और शिवसेना (शिंदे गुट) पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया। दूसरी ओर, रमेश म्हात्रे ने अपने ऊपर लगे मारपीट के आरोपों से इनकार किया था। हालांकि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें…सौरव गांगुली की बायोपिक का फर्स्ट लुक जारी, जन्मदिन पर रिलीज डेट से भी उठा पर्दा