Maithili: बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका और अलीनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक मैथिली ठाकुर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो साझा किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में मैथिली एक महिला से मिलती हुई नजर आ रही हैं, जो हाल ही में अपने पति को खो चुकी है और दुख में डूबी हुई है। इस वीडियो में मैथिली ने महिला को भावनात्मक सहारा देते हुए उसे गले लगाया और उसकी पीड़ा को महसूस किया।
महिला के दर्द का जिक्र करते हुए भावुक हुईं मैथिली ठाकुर
इस वीडियो में मैथिली ठाकुर अपनी संवेदनशीलता और सहानुभूति का परिचय देती हैं। उन्होंने महिला के दुख और तकलीफ को शब्दों में समझाना मुश्किल बताते हुए लिखा, “एक महिला के मन की संवेदनशीलता और पीड़ा को सबसे गहराई से अगर कोई समझ सकता है, तो वह दूसरी महिला ही होती है।”
Maithili: नारी की ताकत पर जोर दिया
मैथिली ठाकुर ने आगे लिखा कि ऐसे समय में जब एक महिला टूटती है, तो उसके आसपास की अन्य महिलाओं को उसका सहारा बनना चाहिए। उन्होंने कहा, “नारी ही नारी की सबसे बड़ी ताकत है। जब महिलाएं एक-दूसरे का हाथ थाम लेती हैं तो उससे बड़ी शक्ति कोई नहीं होती।”
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर श्रद्धांजलि
मैथिली ठाकुर ने इस वीडियो के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के सप्ताह के दौरान सभी महिलाओं को सम्मानित किया और उनके साहस और हिम्मत की सराहना की। उन्होंने सभी से एक-दूसरे का साथ देने की अपील की और कहा, “आइए हम सब एक-दूसरे का साथ दें और एक-दूसरे की ताकत बनें।”







