Meerut News: मेरठ में सेना भर्ती के नाम पर चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है। टेरिटोरियल आर्मी में भर्ती कराने का सपना दिखाकर युवाओं से लाखों रुपये वसूलने वाले गिरोह का खुलासा सेना इंटेलिजेंस और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुआ। पुलिस ने इस गैंग के एक अहम सदस्य शाने आलम को गिरफ्तार किया है जबकि इसका मास्टरमाइंड प्रताप अब भी फरार बताया जा रहा है।
Meerut News: जांच में क्या पता चला?
जांच में सामने आया कि यह पूरा गिरोह लंबे समय से युवाओं को सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगने का काम कर रहा था। फतेहगढ़ निवासी प्रताप ने उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में अपनी ठगी की जड़ें फैला रखी थीं। युवाओं को झांसे में लेने के लिए वह मेरठ निवासी शाने आलम की मदद लेता था। आलम की जिम्मेदारी थी कि वह भरोसेमंद दिखने वाले युवकों को तलाशकर उन्हें टेरिटोरियल आर्मी भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा बनाए और उनसे रकम वसूले। सूत्रों के मुताबिक, अब तक 100 से अधिक युवकों को इस गिरोह ने निशाना बनाया। प्रत्येक से एक-एक लाख रुपये वसूले गए जो सीधे प्रताप के खाते में ट्रांसफर किए जाते थे। फर्जी नियुक्ति पत्र और भर्ती कॉल लेटर दिखाकर यह युवकों को विश्वास दिलाते थे कि वे जल्द ही सेना में शामिल हो जाएंगे।
Meerut News: सेना इंटेलिजेंस भी अलर्ट
हरदोई के रहने वाले आदर्श नामक युवक ने भी यही सोचकर भर्ती के नाम पर एक लाख रुपये प्रताप के खाते में डाले। जब महीनों बीत जाने के बाद भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी तो उसे ठगी का शक हुआ। आदर्श ने पूरे मामले की शिकायत लालकुर्ती थाना पुलिस से की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और मामले में सेना इंटेलिजेंस को भी अलर्ट किया गया। संयुक्त टीम ने कई दिनों की छानबीन के बाद गुरुवार देर शाम आरवीसी के पास से शाने आलम को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसने पूरा नेटवर्क खोलकर रख दिया। आलम ने बताया कि प्रताप कई जगहों पर यही तरीका अपनाकर लाखों रुपये कमा चुका है और उसके पास पहले से ही नकली भर्ती फॉर्म नियुक्ति पत्र और फर्जी आईडी मौजूद हैं।
Meerut News: एसपी सिटी बोले गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों और प्रताप के ठिकानों के बारे में पूछताछ जारी है। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं सेना इंटेलिजेंस भी इस मामले को गंभीरता से लेकर अपने स्तर पर जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी धोखाधड़ी दोबारा न हो सके।
Report By: यश मित्तल
ये भी पढ़े… नेपाल बॉर्डर से घुसी बांग्लादेशी महिला भारतीय पति संग अमरोहा से गिरफ्तार, सऊदी अरब में हुई थी शादी







