Meerut News: मेरठ शहर में परीक्षा के दबाव में एक किशोर को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया जिससे कुछ घंटों के लिए पुलिस और परिवार दोनों सकते में आ गए। मंगलवार से शुरू होने वाली प्री बोर्ड परीक्षा के डर से घबराए एक 10वीं के छात्र ने खुद के अपहरण की झूठी कहानी गढ़ दी और परिवार से दो लाख रुपये की फिरौती मांगने का ड्रामा रच दिया।
अब पढ़े मामला…
टीपीनगर थाना क्षेत्र के शिवपुरम कॉलोनी निवासी यह छात्र एक निजी स्कूल में पढ़ता है। उसके पिता खेल सामान बनाने वाली कंपनी में कार्यरत हैं। सोमवार शाम उसने पिता से किताबें खरीदने के बहाने 150 रुपये लिए और बाजार जाने की बात कहकर घर से बाहर निकल गया। करीब आधे घंटे बाद उसकी बहन के व्हाट्सएप नंबर पर एक मैसेज आया तुम्हारे भाई का अपहरण हो गया है दो लाख रुपये चाहिए वरना उसे जिंदा नहीं देख पाओगे। परिवार अचानक दहशत में आ गया। परिजनों ने तुरंत यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही टीपीनगर थाना प्रभारी अरुण मिश्रा ने सर्विलांस टीम को सक्रिय किया। छात्र के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई जो मवाना क्षेत्र के फलावदा रोड पर मिली। मवाना पुलिस को सतर्क किया गया और लगभग चार घंटे की तलाश के बाद छात्र को उसके मौसा के घर से सकुशल बरामद कर लिया गया।
Meerut News: पूछताछ में छात्र ने कबूला
पूछताछ में छात्र ने कबूल किया कि यह पूरी कहानी उसी की बनाई हुई थी। उसने किसी और की मदद नहीं ली थी। उसने बताया कि वह परीक्षा को लेकर बहुत अधिक तनाव में था और असफलता के डर से उसने कुछ दिनों के लिए घर-परिवार और पढ़ाई से दूर रहने के लिए यह योजना बनाई। पुलिस ने छात्र को समझाने के बाद परिवार के सुपुर्द कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि यह घटना इस बात का प्रतीक है कि बच्चों पर पढ़ाई और अंकों वे दबाव किस तरह मानसिक बोझ बनता जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों से संवाद बढ़ाएं और उन्हें असफलता के भय से उबारने के लिए सहयोगी माहौल प्रदान करें।
Report By: यश मित्तल
ये भी पढ़े… यूपी पुलिस मुठभेड़ में घायल गौकश हाथ जोड़कर बोला- ‘ठेली लगा लूंगा, भूखा मर जाऊंगा, लेकिन गौकशी नहीं करूंगा’






