Meerut News: मेरठ जिले के शास्त्रीनगर इलाके में एक प्रतिष्ठित स्कूल के चेयरमैन को रंगदारी की धमकी ने हड़कंप मचा दिया है। द गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के प्रदेश महासचिव कंवलजीत सिंह को अज्ञात बदमाशों ने ईमेल के जरिए 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। धमकी के साथ हथियारों की तस्वीरें और डरावनी ऑडियो क्लिप भी भेजी गईं जिससे मामला हाई प्रोफाइल हो गया।
अनजान आइडी से हुआ लिंक प्राप्त
जानकारी के अनुसार, बुधवार को कंवलजीत सिंह ने जब अपना ईमेल चेक किया तो उन्हें एक अनजान आइडी से लिंक प्राप्त हुआ। लिंक खोलते ही उनके सामने हथियारों से लैस व्यक्तियों की तस्वीरें और धमकी भरी ऑडियो क्लिप खुल गईं। कुछ ही देर बाद उसी आइडी से लगातार तीन ईमेल आए पहला 10 लाख रुपये की डिमांड वाला दूसरा धमकी भरा पत्र और तीसरा जिसमें ऑडियो व फोटो संलग्न थे। ईमेल में हैरान करने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया था। संदेश में लिखा था प्रिंसिपल साहब बहुत पैसे कमा लिए अब थोड़ा दान कर दो। दस लाख रुपए चाहिए नहीं दिए तो इतनी गोली मारेंगे कि पहचान नहीं पाएंगे। पुलिस गए तो ट्रेलर दिखा देंगे। ईमेल में एक बैंक अकाउंट नंबर भी भेजा गया जो गलत स्पेलिंग के साथ कर्नाटक स्थित बताया गया।
Meerut News: कंवलजीत सिंह शिक्षा और समाजसेवा दोनों क्षेत्रों से जुड़े
ऑडियो क्लिप में एक शातिर आवाज़ यह कहते सुनी गई तेरी पूरी फील्डिंग हमारे पास है इतनी गोली मारेंगे कि बात समझ में नहीं आएगी। इस धमकी के तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन ने नौचंदी पुलिस स्टेशन के साथ-साथ एसएसपी विपिन टाडा को पूरे प्रकरण की जानकारी दी। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की टीम मौके पर भेजी। तकनीकी जांच में ईमेल की लोकेशन और स्रोत का पता लगाया जा रहा है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की तह तक जाने के लिए विशेषज्ञों की टीम गठित की गई है। वहीं सुरक्षा के मद्देनज़र कंवलजीत सिंह को एक सशस्त्र सुरक्षा कर्मी उपलब्ध करा दिया गया है।
कंवलजीत सिंह शिक्षा और समाजसेवा दोनों क्षेत्रों से जुड़े हैं। वे ऑल इंडिया स्कूल लीडर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रालोद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव और कई सिख धार्मिक संगठनों में प्रमुख भूमिका निभाते हैं। धमकी के बाद उनका परिवार व स्कूल प्रबंधन दोनों सकते में हैं, वहीं पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही साइबर जांच के बल पर आरोपी तक पहुंच बनाई जाएगी।
Report By: यश मित्तल
ये भी पढ़े… मेरठ कचहरी में हाई-वोल्टेज ड्रामा, पूर्व प्रेमी की पत्नी और सालों ने युवती को पीटा







