Home » उत्तर प्रदेश » पति को जहरीले करैत सांप से कटवाकर मारने वाली दामिनी जेल में हुई बेचैन, पहली रात नहीं खाया खाना, बार-बार आई बेटे की याद

पति को जहरीले करैत सांप से कटवाकर मारने वाली दामिनी जेल में हुई बेचैन, पहली रात नहीं खाया खाना, बार-बार आई बेटे की याद

पति को जहरीले करैत सांप से कटवाकर मारने वाली दामिनी जेल में हुई बेचैन, पहली रात नहीं खाया खाना, बार-बार आई बेटे की याद

Meerut Snake Murder News: पति अतुल पंवार की कथित तौर पर जहरीले करैत सांप से कटवाकर हत्या कराने के मामले में गिरफ्तार दामिनी की मेरठ की चौधरी चरण सिंह जिला जेल में पहली रात बेचैनी के बीच गुजरी। जेल प्रशासन के अनुसार जेल पहुंचने के बाद वह काफी घबराई हुई नजर आई। उसे रात का भोजन दिया गया, लेकिन उसने खाना नहीं खाया। हालांकि अगली सुबह उसने नाश्ता किया और धीरे-धीरे जेल की दिनचर्या के अनुसार खुद को ढालना शुरू कर दिया।जेल अधिकारियों का कहना है कि नए बंदियों की तरह दामिनी भी शुरुआत में मानसिक रूप से परेशान दिखाई दी। जेल के नियम-कायदों की जानकारी मिलने और अन्य महिला बंदियों से बातचीत के बाद उसकी स्थिति में कुछ सामान्य बदलाव देखने को मिला।

नीले ड्रम हत्याकांड की आरोपी मुस्कान से हुई पहली मुलाकात

जेल में दूसरे दिन सुबह गिनती और नाश्ते के दौरान दामिनी की मुलाकात चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड की आरोपी मुस्कान से हुई। जेल प्रशासन के मुताबिक दोनों की करीब एक से डेढ़ मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे का परिचय लिया और संक्षिप्त बातचीत के बाद अपनी-अपनी बैरक की ओर लौट गईं। दोनों चर्चित मामलों की आरोपी होने के कारण यह मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है।

Meerut Snake Murder News: बार-बार बेटे को याद कर भावुक हुई दामिनी

जेल अधिकारियों के अनुसार दामिनी अपने बेटे मानिक को याद कर कई बार भावुक हो गई। उसने अपने बेटे के साथ-साथ अपने माता-पिता से मिलने की इच्छा भी जताई। इसी दौरान उसने जेल प्रशासन से यह भी जानकारी ली कि परिजनों से मुलाकात की प्रक्रिया क्या होती है और मुलाकात कब तथा कैसे कराई जाती है।बताया जा रहा है कि बेटे की याद आते ही वह कई बार भावुक हो गई। जेल प्रशासन ने उसे नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परिजनों से मुलाकात संभव होगी।

Meerut Snake Murder News: धार्मिक पुस्तक के सहारे काट रही जेल का समय

जेल में समय बिताने के लिए दामिनी ने जेल लाइब्रेरी से एक धार्मिक पुस्तक भी ली है। अधिकारियों के मुताबिक वह फिलहाल अपना अधिकांश समय पढ़ने और अन्य महिला बंदियों से बातचीत में बिता रही है। जेल प्रशासन का कहना है कि वह धीरे-धीरे वहां के माहौल में खुद को ढालने की कोशिश कर रही है।

प्रेमी तुषार से मिलने की नहीं जताई कोई इच्छा

जेल प्रशासन के मुताबिक दामिनी ने अब तक अपने सह-आरोपी और कथित प्रेमी तुषार से मिलने की कोई इच्छा व्यक्त नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि यदि भविष्य में अदालत की अनुमति मिलती है और तय प्रक्रिया पूरी होती है, तो दोनों के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत कराई जा सकती है। फिलहाल ऐसी कोई मांग दामिनी की ओर से नहीं की गई है।

Meerut Snake Murder News: चर्चा में बना हुआ है मेरठ का सनसनीखेज हत्याकांड

गौरतलब है कि मेरठ का अतुल पंवार हत्याकांड पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि दामिनी ने अपने कथित प्रेमी तुषार के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और जहरीले करैत सांप का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया। मामले की जांच जारी है, जबकि दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। ऐसे में जेल के भीतर दामिनी की गतिविधियों और उसके व्यवहार पर भी प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

ये भी पढ़े…… Police, CAPF, RAF और CRPF में क्या है फर्क? जानिए किस फोर्स को कब और क्यों किया जाता है तैनात